
सदर थाना, बाड़मेर (पत्रिका फोटो)
बाड़मेर: एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाड़मेर के सदर पुलिस थाने में पुलिस द्वारा जब्त की गई एक बाइक चोरी हो गई। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि बाइक पुलिस स्टेशन के अंदर से गायब हुई।
बता दें कि घटना 19 अप्रैल 2026 की है। सदर पुलिस स्टेशन की टीम ने दो युवकों को नशे की हालत में बाइक चलाते हुए पकड़ा था। बाइक को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जब्त कर लिया गया और थाने में खड़ी कर दी गई।
बाइक मालिक दिनेश ने कोर्ट में 500 का जुर्माना भरकर बाइक छुड़ाने के लिए सदर थाने पहुंचे। घंटों इंतजार करने के बाद जब उन्हें बताया गया कि बाइक वहां नहीं है तो उनका चौंक जाना स्वाभाविक था।
सीसीटीवी फुटेज में भी साफ देखा गया कि बाइक 19 अप्रैल से 23 अप्रैल के बीच थाने परिसर से गायब हो गई। जब एक सिपाही बाइक लाने गया तो वहां कुछ नहीं था।
दिनेश ने बार-बार कोतवाली और सदर थाने का चक्कर लगाया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आखिरकार उन्होंने बुधवार को बाड़मेर जिले के एसपी को ज्ञापन सौंपकर अपनी बाइक की तलाश और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि 19 अप्रैल को दो युवकों को नशे में बाइक चलाते पकड़ा गया था। बाद में दोनों को जमानत मिल गई और कोर्ट के आदेश पर मालिक बाइक लेने पहुंचे थे। लेकिन तब तक बाइक थाने से गायब हो चुकी थी।
26 अप्रैल को सदर थाने के एएसआई श्रीराम की शिकायत पर कोतवाली थाने में चोरी का FIR दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान और बाइक बरामद करने में जुटी हुई है। यह मामला पुलिस स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठा रहा है।
जहां आम नागरिक अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस पर भरोसा करते हैं। वहीं, पुलिस की नाक के नीचे ही जब्त वाहन चोरी हो जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। बाड़मेर पुलिस का कहना है कि वे इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही बाइक बरामद कर दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने का प्रयास करेगी।
सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से वायरल हो रही है। कई लोग लिख रहे हैं, पुलिस स्टेशन में बाइक सुरक्षित नहीं तो आम आदमी की गाड़ी कहां सुरक्षित होगी? फिलहाल, पुलिस अभी तक बाइक बरामद नहीं कर पाई है। मामले की जांच जारी है।
Updated on:
30 Apr 2026 12:29 pm
Published on:
30 Apr 2026 12:29 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
