बाड़मेर

Rajasthan : पति को पत्नी पर था शक, रात में तलवार से गला काटकर कर दी हत्या, मां का शव देख चीख पड़ी बेटी

बाड़मेर के गिराब थाना क्षेत्र की कुम्हारों की ढाणी (मगरा) में गुरुवार देर रात पति ने पत्नी पर हमला कर धारदार तलवार से गला काटकर हत्या कर दी।
less than 1 minute read
• •
Updated: 11 Jul 2025, 8:23 PM IST
murder in Barmer
फोटो पत्रिका

बाड़मेर। गिराब थाना क्षेत्र की कुम्हारों की ढाणी (मगरा) में गुरुवार देर रात पति ने पत्नी पर हमला कर धारदार तलवार से गला काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी जोधपुर की ओर भाग गया था, लेकिन पुलिस टीमों ने शिव के पास बस में सवारी करते समय उसे पकड़ लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पति मोहिम को पत्नी पर शक था। इसी को लेकर कई बार दोनों के बीच मनमुटाव था। हालांकि किस बात पर शक था, इसका खुलासा नहीं हुआ। कुछ दिन पहले सिरोही जाकर तलवार खरीदकर लाया था।

एफएसएल टीमों ने साक्ष्य जुटाए

गिराब थाना पुलिस के अनुसार पति मोहिम खां उर्फ मोईब पुत्र मीराखां ने पत्नी रहमु उर्फ रेहमत (34) की तलवार से गला काटकर हत्या कर दी। रात को वारदात के बाद बेटी की नींद खुल गई तो उसने मां को चारपाई पर लहूलुहान हालत में देखा और चिल्लाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर गिराब थाना पुलिस भी पहुंची। पुलिस की एमओबी व एफएसएल टीमों ने साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने मृतका के भाई रज्जब अली पुत्र काबुल खां की रिपोर्ट पर पति मोहिम खां, जीमल खां व इमाम खां के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा गया।

वारदात की सूचना पर एसपी नरेंद्र सिंह मीना, रामसर वृत्त डिप्टी मानाराम गर्ग सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से चर्चा कर घटनास्थल का मौका मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि पति ने पत्नी की धारदार हथियार से वार कर हत्या की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पति को दस्तयाब कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

Updated on:
11 Jul 2025, 8:23 PM IST
Published on: