बाड़मेर

Rajasthan: राजस्थान में पचपदरा रिफाइनरी के पास बन रहा है नया ‘शहर’, सैकड़ों हेक्टेयर भूमि रीको को सौंपी

Pachpadra Refinery Update News: पचपदरा रिफाइनरी के आसपास औद्योगिक और शहरी विकास को तेज करने के लिए रीको ने बड़े स्तर पर योजना शुरू की है। उद्योगों के साथ आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक सुविधाओं के लिए जमीन आवंटन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

2 min read
May 06, 2026
Pachpadra Refinery Update News
एआई तस्वीर

बालोतरा। जिले के पचपदरा क्षेत्र में स्थापित रिफाइनरी के आसपास औद्योगिक और शहरी विकास को गति देने के लिए राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) व्यापक योजना पर काम कर रहा है। इसके तहत उद्योगों के साथ स्कूल, कॉलेज, ग्रुप हाउसिंग, मल्टीप्लेक्स, हॉस्पिटल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रिसोर्ट, होटल-मोटल और मॉल जैसी आधुनिक सुविधाओं के लिए भूमि आवंटन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

यह वीडियो भी देखें

औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया गया

रीको इकाई प्रभारी कुलदीप दाधीच ने बताया कि बालोतरा-बाड़मेर राष्ट्रीय राजमार्ग-25 पर बोरावास-कलावा क्षेत्र में प्रथम चरण के तहत 29.77 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया गया है। यहां 86 औद्योगिक भूखंड और 8 प्लग एंड प्ले मॉडल फैक्ट्री शेड्स का नियोजन किया गया है।

इस क्षेत्र में सड़क, बिजली सहित आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं। अब तक 27 औद्योगिक इकाइयों को 38 भूखंडों, कुल 66,344.05 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के, आवंटन पत्र जारी किए जा चुके हैं। इनसे लगभग 89.13 करोड़ रुपए का निवेश और करीब 489 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। इसके अलावा 7 अन्य सफल आवेदकों को 23 अप्रेल को ऑफर लेटर जारी किए गए हैं।

निविदाएं आमंत्रित की जा चुकी

उन्होंने बताया कि बोरावास औद्योगिक क्षेत्र के द्वितीय चरण में 213.70 हेक्टेयर भूमि पर 500 वर्ग मीटर से लेकर 1.62 लाख वर्ग मीटर तक के 257 भूखंड प्रस्तावित हैं। फिलहाल 87.64 हेक्टेयर भूमि पर सड़क, बिजली, स्ट्रीट लाइट और अन्य विकास कार्यों के लिए निविदाएं आमंत्रित की जा चुकी हैं। जल्द ही इस क्षेत्र को विकसित कर आवंटन के लिए खोला जाएगा।

व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाएंगे

राजस्थान सरकार की ओर से रिफाइनरी के आसपास के गांव रामनगर (थोब), सिंधियों की ढाणी, वेदरलाई, बोरावास, खेमाबाबा नगर, रातानाडा, मालियों की ढाणी, बाम नेवाई और जेरला की सैकड़ों हेक्टेयर भूमि रीको को सौंपी गई है। इन क्षेत्रों में औद्योगिक विकास के साथ शैक्षणिक संस्थान, स्वास्थ्य सेवाएं, आवासीय योजनाएं, मनोरंजन केंद्र और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाएंगे।

रीको इन परियोजनाओं में निवेश के इच्छुक निवेशकों से प्रस्ताव आमंत्रित करने की तैयारी कर रहा है, ताकि क्षेत्र में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार हो सके। अधिकारियों का मानना है कि पचपदरा रिफाइनरी के आसपास विकसित हो रहे ये प्रोजेक्ट बालोतरा जिले के आर्थिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे और शिक्षा, स्वास्थ्य व शहरी सुविधाओं का विस्तार होगा।

Updated on:
05 May 2026 09:25 pm
Published on:
06 May 2026 06:00 am