
फाल्ट को ठीक करते एफआरटी के कर्मचारी। फोटो: पत्रिका
दौसा/भंडाना। भीषण गर्मी के मौसम में बिजली कटौती और फॉल्ट से जूझ रहे उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डिस्कॉम) ने दौसा जिले में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मजबूत तंत्र खड़ा किया है, जहां शिकायत मिलते ही टीमें मौके पर पहुंचकर तुरंत समाधान कर रही है।
डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता एमएल मीणा के अनुसार, पूरे दौसा वृत्त के 17 उपखण्डों में 21 फॉल्ट रेक्टिफिकेशन टीमें (एफआरटी) तैनात की गई है, जो दिन-रात तीन शिफ्टों में काम कर रही है। दौसा शहर, दौसा ग्रामीण, लालसोट और बांदीकुई में 2-2 टीमें जबकि अन्य उपखण्डों में 1-1 टीम लगातार निगरानी और सुधार कार्य में जुटी हुई है।
इन टीमों को अत्याधुनिक उपकरण, वाहन और प्रशिक्षित स्टाफ उपलब्ध कराया गया है, जिससे बिजली संबंधी किसी भी समस्या का त्वरित समाधान संभव हो पा रहा है। नतीजतन, उपभोक्ताओं को लंबे इंतजार से राहत मिल रही है और बिजली आपूर्ति तेजी से बहाल हो रही है।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए डिस्कॉम ने 24 घंटे संचालित केंद्रीय कॉल सेंटर (टोल फ्रीः 18001806507) शुरू किया है। इसके साथ ही दौसा वृत्त स्तर पर भी कॉल सेंटर (01427-231123, 9413391203) सक्रिय है। इसके अलावा अधिशासी अभियंता कार्यालयों में भी शिकायत दर्ज कराने की व्यवस्था की गई है।
24 7 निगरानी और त्वरित रिस्पॉन्स
तीन शिफ्टों में लगातार कार्यरत टीमें
आधुनिक उपकरणों से लैस स्टाफ
प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का समाधान
इधर, बांदीकुई शहर की बिजली सप्लाई गड़बड़ाने लगी है। तापमान बढ़ने एवं बिजली की खपत अधिक होने से लोड बढ़ने से ट्रांसफार्मरों में आग लगाना शुरू हो गया है। शहर के वार्ड 29 में लगे ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। जिससे अफरा तफरी का माहौल हो गया। बसवा रोड पर ओवरहीटिंग से अचानक केबल में आग लग गई।
सहायक अभियंता छोटेलाल सैनी ने बताया कि बडियाल रोड पर 315 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित था। जिस पर अधिक लोड होने से सप्लाई बाधित हो रही थी। इस ट्रांसफार्मर से बड़ियाल रोड मार्केट, स्कूल मोहल्ला सहित कई क्षेत्र जुड़े हुए थे। ऐसे में लोड कम करने के लिए 160 केवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाकर सप्लाई शुरू कर दी गई है। जिससे लोगों को राहत मिलेगी। सिटी प्रथम फीडर को भी दो भागों में विभक्त किया जा रहा है। जिससे काफी हद तक सुधार हो सकेगा। अंडर ग्राउंड केबल भी बिछाई जा रही है।
डिस्कॉम का लक्ष्य आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रबंधन के जरिए उपभोक्ताओं को विश्वसनीय बिजली सेवा देना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी फॉल्ट या समस्या की सूचना तुरंत कॉल सेंटर या संबंधित कार्यालय को दें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके।
-एमएल मीणा, अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम कार्यालय दौसा वृत्त
Updated on:
02 May 2026 02:19 pm
Published on:
02 May 2026 02:19 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
