
चौहटन (बाड़मेर): राजस्थान के बाड़मेर जिले के चौहटन कस्बे से गुरु और शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक निजी इंग्लिश मीडियम स्कूल में महज 9 साल के छात्र को अपनी गणित की कॉपी घर भूलना भारी पड़ गया। कॉपी न लाने पर गुस्साए शिक्षक ने बच्चे की डंडे से इतनी बेरहमी से पिटाई की कि वह दर्द से तड़प उठा और स्कूल में ही बेहोश हो गया। हालत बिगड़ने पर मासूम को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। इस दिल दहला देने वाली घटना को लेकर पीड़ित छात्र के परिजनों ने स्थानीय थाने में मामला दर्ज कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार, चौहटन कस्बे के एक प्राइवेट स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़ने वाला 9 वर्षीय छात्र गुरुवार को सुबह स्कूल गया था। सुबह करीब 10 बजे कक्षा में गणित के शिक्षक ने बच्चों से गृहकार्य की कॉपियां मांगी। पीड़ित छात्र अपनी गणित की कॉपी भूलवश घर पर ही छोड़ आया था। जब उसने शिक्षक को सच बताते हुए कहा कि वह अपनी कॉपी घर भूल गया है और अगले दिन ले आएगा, तो शिक्षक अपना आपा खो बैठे।
आरोप है कि शिक्षक ने गुस्से में आकर मासूम बच्चे पर ताबड़तोड़ डंडे बरसाने शुरू कर दिए। बच्चे को तब तक पीटा गया जब तक कि वह दर्द से निढाल नहीं हो गया। बेरहमी से हुई इस पिटाई के कारण मासूम छात्र को चक्कर आने लगे और वह क्लास में ही अचेत होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने मामले को दबाने की कोशिश की। छात्र की मां और पिता ने बताया कि गंभीर मारपीट के बाद स्कूल के ही एक अन्य शिक्षक ने उन्हें फोन किया। फोन पर परिजनों को सच बताने के बजाय सिर्फ इतना कहा गया कि उनके बच्चे की तबीयत खराब हो गई है और वह बीमार है।
जब माता-पिता बदहवास हालत में स्कूल और फिर अस्पताल पहुंचे, तो बच्चे की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। मासूम के बाएं कूल्हे और पीठ पर डंडों से बेरहमी से की गई पिटाई के गहरे लाल व नीले निशान पड़े हुए थे। अपने कलेजे के टुकड़े की यह हालत देख परिजनों में स्कूल प्रबंधन और आरोपी शिक्षक के खिलाफ गहरा आक्रोश फैल गया।
पीड़ित छात्र की मां ने चौहटन पुलिस थाने में आरोपी गणित शिक्षक के खिलाफ नामजद लिखित रिपोर्ट दी है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
चौहटन थानाधिकारी ललित किशोर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एक निजी स्कूल में बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों की रिपोर्ट पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। छात्र का मेडिकल मुआयना कराया जा रहा है और पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।