बाड़मेर

राजस्थान में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार, बालोतरा में बनेगा ‘राजस्थान पेट्रो जोन’, खुलेंगे रोजगार के द्वार

राजस्थान के औद्योगिक विकास को नई गति मिलने जा रही है। बालोतरा में ‘राजस्थान पेट्रो जोन’ की स्थापना होगी, जिससे रिफाइनरी सह-उत्पाद आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। 330.77 हेक्टेयर क्षेत्र में नया रीको औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा, जिससे निवेश बढ़ेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
2 min read
• •
Jan 18, 2026
Rajasthan Petro Zone Balotra
पचपदरा रिफाइनरी (फोटो- पत्रिका)

Rajasthan Petro Zone Balotra: राजस्थान के औद्योगिक परिदृश्य को सशक्त करने की दिशा में राज्य सरकार और रीको की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। बालोतरा जिले में रिफाइनरी के सह-उत्पाद आधारित उद्योगों की स्थापना के लिए नया रीको औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा, जिसे राजस्थान पेट्रो जोन के रूप में विकसित किया जाना प्रस्तावित है। इस परियोजना से प्रदेश में निवेश, रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

रीको इकाई प्रभारी कुलदीप दाधीच ने बताया कि रीको प्रबंधन की ओर से रिफाइनरी सह-उत्पादों पर आधारित उद्योगों की स्थापना के उद्देश्य से बालोतरा के ग्राम सिधियों की ढाणी, वेदरलाई, बोरावास और खेमाबाबा नगर में स्थित कुल 330.77 हेक्टेयर राजकीय भूमि को चिन्हित कर आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण की गई है। भूमि आवंटन का प्रस्ताव जिला प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार को भेजा गया था, जिस पर सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की गई।

राज्य सरकार की स्वीकृति के उपरांत जिला प्रशासन ने संबंधित ग्रामों की 330.77 हेक्टेयर भूमि का मांगपत्र रीको को प्रेषित किया गया। रीको के निर्धारित राशि जमा करवाने के बाद जिला प्रशासन ने भूमि का आवंटन पत्र रीको के पक्ष में जारी कर दिया। इसके बाद रीको बालोतरा ने राजस्व विभाग से भूमि का कब्जा प्राप्त करने के साथ ही सर्वे कार्य भी पूर्ण कर लिया है।

उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र की बाहरी सीमा के स्पष्ट सीमांकन के लिए बाउंड्री पीलर (सीमांकन स्तंभ) निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए लगभग 638 लाख रुपए (6.38 करोड़ रुपए) की तकनीकी स्वीकृति जारी की जा चुकी है। शीघ्र ही निविदाएं आमंत्रित कर भौतिक विकास कार्य को गति दी जाएगी।

रोजगार के नए अवसर मिलेंगे

प्रस्तावित राजस्थान पेट्रो जोन के विकसित होने से बालोतरा जिला पेट्रोकेमिकल एवं सह-उत्पाद आधारित उद्योगों का प्रमुख केंद्र बन सकेगा। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

साथ ही प्रदेश में औद्योगिक निवेश, आर्थिक विकास और आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण को भी मजबूती मिलेगी। यह परियोजना राजस्थान के औद्योगिक मानचित्र पर बालोतरा को एक नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

Updated on:
18 Jan 2026 05:00 am
Published on:
18 Jan 2026 05:00 am