बाड़मेर

Rajasthan Accident: भीषण सड़क हादसे में दो जिगरी दोस्तों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

Balotra Road Accident: बालोतरा के धोरीमन्ना क्षेत्र में ट्रैक्टर और बाइक की भिड़ंत में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
2 min read
May 17, 2026
Balotra Road Accident
मृतक। फाइल फोटो- पत्रिका

बालोतरा। धोरीमन्ना थाना क्षेत्र के भीमथल गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए।

यह वीडियो भी देखें

पुलिस के अनुसार खारोड़ी ग्राम पंचायत के जूनाखेड़ा निवासी ओमप्रकाश पुत्र खेताराम जाट ने धोरीमन्ना थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका भाई अशोक कुमार पुत्र खेताराम जाट निवासी खाखरी तथा सोहनलाल पुत्र मूलाराम जाट निवासी जाखड़ों की ढाणी दोपहर करीब 12:30 बजे मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर से रामजी गोल की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान भीमथल गांव के पास दूसरी सड़क से आए एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

पालनपुर में दूसरे दोस्त ने तोड़ा दम

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर को जाखड़ों की ढाणी निवासी गणेशाराम पुत्र मोटाराम जाट चला रहा था। हादसे में अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सोहनलाल को पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे आगे रेफर कर दिया। बाद में उपचार के दौरान पालनपुर में सोहनलाल ने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही धोरीमन्ना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

ट्रैक्टर चालक से पूछताछ

हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल और मृतकों के घर पहुंच गए। परिजनों का कहना है कि दोनों युवक आपस में अच्छे दोस्त थे और अक्सर साथ में गांव के काम से बाहर जाते थे। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटना स्थल पर यातायात व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग उठाई है। पुलिस ट्रैक्टर चालक से पूछताछ कर रही है।

Published on:
17 May 2026 02:33 pm