बाड़मेर

Barmer: सरकारी स्कूल में गिरा पंखा, दो मासूमों के सिर पर लगी चोट, बड़ा हादसा टला, क्लास में अफरा-तफरी

Barmer Government School News: बाड़मेर के एक सरकारी स्कूल में क्लास के दौरान अचानक छत का पंखा टूटकर गिर गया। हादसे में दो छोटे छात्र घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

2 min read
Mar 16, 2026
घायल मासूम। फोटो- पत्रिका

बाड़मेर। सरकारी स्कूल में सोमवार बड़ा हादसा टल गया, जब क्लास में बैठे बच्चों के ऊपर अचानक छत का पंखा गिर गया। पंखा हुक समेत टूटकर गिरने से दो छोटे छात्र घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

ये भी पढ़ें

Jhalawar News: दो हिस्सों में मासूम की रीढ़ की हड्डी, डॉक्टरों ने 6 घंटे तक जटिल ऑपरेशन कर दी नई जिंदगी

हुक टूटने से गिरा पंखा

घटना बाड़मेर के सांसियों का तला स्थित उच्च प्राथमिक स्कूल की है। सोमवार प्रार्थना सभा के बाद बच्चे अपनी-अपनी कक्षाओं में जा रहे थे। इसी दौरान कक्षा में लगे पंखे का हुक अचानक टूट गया और पंखा नीचे गिर गया। उस समय पहली कक्षा के छात्र मनीष (5) पुत्र अर्जुनराम और दूसरी कक्षा के छात्र मनीष (6) पुत्र जबाराराम अपनी सीट पर बैठे हुए थे। पंखा सीधे दोनों बच्चों के सिर पर गिर गया, जिससे वे घायल हो गए।

बच्चों को अस्पताल पहुंचाया

घटना के बाद कक्षा में अफरा-तफरी मच गई। अन्य बच्चों ने घबराकर स्कूल स्टाफ को सूचना दी। इसके बाद शिक्षकों और आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायल बच्चों को तुरंत बाड़मेर के सरकारी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में एक घायल छात्र अपनी दादी को देखते ही रोने लगा। इस पर दादी चंपा देवी ने उसे गोद में लेकर शांत कराया।

दोनों बच्चों का नाम मनीष

स्कूल के शिक्षक ने बताया कि दोनों बच्चों का नाम मनीष है। एक पहली कक्षा में और दूसरा दूसरी कक्षा में पढ़ता है। दोनों की कक्षा एक ही कमरे में लगती है। प्रार्थना सभा के बाद दोनों बच्चे सबसे पहले कक्षा में पहुंचकर अपनी सीट पर बैठ गए थे। इसी दौरान पंखे का हुक टूट गया और पंखा उनके ऊपर गिर गया। बताया जा रहा है कि कक्षा में दो पंखे लोहे की एंगल पर लगाए गए थे। इनमें से एक पंखे का हुक पहले से ढीला था, जो धीरे-धीरे खिसककर दूसरे पंखे के पास आ गया। दोनों पंखे टकराने पर एक का हुक टूट गया और पंखा नीचे गिर पड़ा।

ये भी पढ़ें

Ranthambore: रणथंभौर में मची सनसनी, वनकर्मियों पर टाइगर का हमला, भागकर बचाई अपनी जान, बाइक की सीट फाड़ी

Also Read
View All

अगली खबर