बस्तर

CG Breaking: कांकेर में माओवादी नेटवर्क को मजबूत करने की कोशिश नाकाम, 5 नक्सली गिरफ्तार

Naxalite Arrest: कांकेर के मेंड्रा इलाके से 5 माओवादी गिरफ्तार किए गए हैं। इनमें 8 लाख का इनामी DVCM चंदर कतलाम भी शामिल है। माओवादी संगठन को फिर सक्रिय करने की कथित कोशिश पर पुलिस ने कार्रवाई की, जबकि एक साथी फरार है।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 12:44 PM IST
CG Breaking
CG Breaking: कांकेर में माओवादी नेटवर्क को मजबूत करने की कोशिश नाकाम(photo-patrika)

CG Breaking: छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर में माओवादी संगठन को दोबारा सक्रिय करने की कथित कोशिश पर पुलिस ने कार्रवाई की है। कांकेर जिले के मेंड्रा इलाके से पांच माओवादियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों में आठ लाख रुपये का इनामी माओवादी DVCM चंदर कतलाम भी शामिल है। बताया जा रहा है कि सभी क्षेत्र में ग्रामीणों की बैठक के जरिए माओवादी संगठन को फिर से सक्रिय करने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद कार्रवाई कर पांचों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, उनका एक साथी मंगेश फरार बताया जा रहा है।

Chhattisgarh Naxal News: ग्रामीणों की बैठक से पहले पुलिस की कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, उत्तर बस्तर क्षेत्र में कमजोर पड़ चुके माओवादी नेटवर्क को दोबारा सक्रिय करने के उद्देश्य से ग्रामीणों की बैठक आयोजित करने की तैयारी की जा रही थी। इसके जरिए ग्रामीणों से संपर्क बढ़ाकर संगठन को फिर से मजबूत करने की कथित योजना थी।

इसी बीच पुलिस को इसकी सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने मेंड्रा इलाके में कार्रवाई करते हुए पांच माओवादियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान उनका एक साथी मंगेश फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी बताई जा रही है।

आठ लाख के इनामी DVCM चंदर कतलाम गिरफ्तार

इस कार्रवाई में DVCM चंदर कतलाम की गिरफ्तारी को अहम माना जा रहा है। चंदर पर आठ लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह माओवादी संगठन में डिविजनल कमेटी मेंबर (DVCM) के पद पर बताया जा रहा है। चंदर के साथ मंगलू की गिरफ्तारी भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जो पड्डा काकानार क्षेत्र का एरिया कमांडर बताया गया है। इन दोनों की गिरफ्तारी से उत्तर बस्तर में माओवादी नेटवर्क को झटका लगने की बात कही जा रही है।

पांच गिरफ्तार, एक साथी फरार

गिरफ्तार किए गए माओवादियों में चंदर कतलाम (DVCM), मंगलू (पड्डा काकानार एरिया कमांडर), मनीषा परचापी, रमशीला और सनकी शामिल हैं। सभी को गोंडाहूर थाना लाए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि पांचों 28 नवंबर की दोपहर से पुलिस हिरासत में हैं, जबकि फरार साथी मंगेश की तलाश की जा रही है।

हथियार बरामदगी को लेकर जानकारी, आधिकारिक पुष्टि बाकी

कार्रवाई के बाद हथियारों की बरामदगी को लेकर भी जानकारी सामने आ रही है। हालांकि, बरामदगी से संबंधित विवरण और अन्य पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस की विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद कार्रवाई से जुड़े सभी तथ्यों की स्पष्टता हो सकेगी।

हिरासत में कथित मारपीट की चर्चा

गिरफ्तारी के बाद हिरासत में कथित मारपीट किए जाने की बात भी सूत्रों के हवाले से सामने आई है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। गिरफ्तार किए गए लोगों के साथ हिरासत में क्या व्यवहार किया गया और गिरफ्तारी के दौरान परिस्थितियां क्या थीं, इन पहलुओं पर भी स्पष्ट जानकारी सामने आना बाकी है।

फिलहाल पांच माओवादी पुलिस की गिरफ्त में बताए जा रहे हैं, जबकि छठवां साथी मंगेश फरार है। पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद गिरफ्तारी, बरामदगी और कार्रवाई से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।

Updated on:
29 Nov 2026, 12:44 PM IST
Published on: