बस्तर

CG Politics: ‘प्रधानमंत्री तो इवेंट मास्टर हैं…’, बस्तर दौरे पर टीएस सिंहदेव का PM मोदी पर तंज

PM Modi Bastar Visit: टीएस सिंहदेव ने PM मोदी के बस्तर दौरे पर तंज कसते हुए उन्हें 'इवेंट मास्टर' बताया। साथ ही उन्होंने नक्सलवाद के पूरी तरह खत्म होने के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि फिलहाल हिंसा थमी है, लेकिन नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 4:34 PM IST
CG Politics
CG Politics: 'प्रधानमंत्री तो इवेंट मास्टर हैं(photo-patrika)

CG Politics: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे और वहां दिवाली मनाने को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने निशाना साधा है। उन्होंने पीएम मोदी को 'इवेंट मास्टर' बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने एक और इवेंट आयोजित कराया और फोटो खिंचाई। सिंहदेव ने नक्सलवाद के पूरी तरह खत्म होने के दावे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की गतिविधियां जरूर थमी हैं, लेकिन इसे पूरी तरह समाप्त नहीं माना जा सकता। आत्मसमर्पण करने वाले कुछ नक्सलियों ने विचारधारा से जुड़े रहने की बात कही थी।

TS Singh Deo Statement: नक्सलवाद खत्म होने के दावे पर उठाए सवाल

टीएस सिंहदेव ने कहा कि नक्सलवाद की गतिविधियां थमी हैं। सरकार अगर इसकी घोषणा करती है, तो वे उसे गंभीरता से लेते हैं। हालांकि, वे अपने साथियों से भी इसकी जानकारी लेते हैं। ऐसा नहीं है कि सरकार ने कोई बात कह दी और उन्होंने बिना जांचे-परखे उसे मान लिया। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की स्थिति को समझने के लिए अलग-अलग स्तर पर जानकारी लेना जरूरी है। केवल सरकार के बयान के आधार पर यह मान लेना सही नहीं होगा कि नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो गया है।

आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों की विचारधारा पर भी बोले सिंहदेव

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मसमर्पण के दौरान कुछ नक्सलियों ने खुद कहा था कि वे नक्सल विचारधारा से जुड़कर काम करते रहेंगे। उन्होंने भले ही हथियार छोड़ दिए हों, लेकिन विचारधारा के आधार पर काम जारी रखने की बात कही थी। सिंहदेव के मुताबिक, फिलहाल नक्सल हिंसा थमी है और यह अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि हिंसा पर इसी तरह रोक बनी रहनी चाहिए, लेकिन इसे नक्सलवाद का पूरी तरह अंत नहीं माना जा सकता।

PM मोदी को बताया 'इवेंट मास्टर'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे को लेकर टीएस सिंहदेव ने तंज कसते हुए उन्हें 'इवेंट मास्टर' कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने एक और कार्यक्रम आयोजित कराया और फोटो खिंचवाई। सिंहदेव ने पीएम मोदी की वेशभूषा का भी जिक्र किया और उनके दौरे के दौरान दिए गए कुछ बयानों पर आपत्ति जताई।

प्रधानमंत्री पद की गरिमा का रखा जाना चाहिए ध्यान

टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने दौरे के दौरान कुछ ऐसी बातें कहीं, जो उन्हें शोभा नहीं देतीं। उन्होंने कहा कि कई बार ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री भूल जाते हैं कि वे केवल नरेंद्र मोदी नहीं, बल्कि देश के प्रधानमंत्री हैं। सिंहदेव के मुताबिक, प्रधानमंत्री की बातों को केवल एक व्यक्ति के बयान के रूप में नहीं सुना जाता, बल्कि उनके पद की गरिमा भी जुड़ी होती है। इसलिए प्रधानमंत्री रहते हुए उनके बयानों में उस पद की गरिमा दिखाई देनी चाहिए।

Updated on:
11 Nov 2026, 4:34 PM IST
Published on: