बस्ती

मंगेतर के साथ मंदिर दर्शन करने जा रही युवती को बाग में खींच ले गए 5 युवक, बारी-बारी से किया गैंगरेप

Basti Gangrape News : उत्तर प्रदेश के बस्ती में मंदिर दर्शन करने जा रही युवती के साथ मंगेतर के सामने 5 युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
2 min read
Apr 09, 2026
Feature image
Symbolic image.

बस्ती : उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में मंगेतर के साथ मंदिर दर्शन करने जा रही एक युवती के साथ पांच बदमाशों ने बारी-बारी से गैंगरेप किया। आरोपियों ने युवती को डरा-धमकाकर बाइक पर बिठाया, मंगेतर को भी साथ ले गए और एक सुनसान बाग में ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, बदमाशों ने पूरे घटनाक्रम का अश्लील वीडियो भी बना लिया और वीडियो वायरल करने की धमकी दी।

पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए चार आरोपियों सुग्रीव, सचिन, पवन और शिवपूजन को गिरफ्तार कर लिया है। पांचवें आरोपी की तलाश जारी है।

बाथरूम जाने के लिए रुकी थी युवती

युवती (लालगंज थाना क्षेत्र निवासी) 3 अप्रैल को अपने मंगेतर के साथ मुंडेरवा थाना क्षेत्र स्थित शिव मंदिर में दर्शन करने जा रही थी। दोनों नहर के किनारे बनी सड़क से मंदिर की ओर जा रहे थे। रास्ते में युवती बाथरूम जाने के लिए रुकी। इसी दौरान तीन बाइक सवार युवक वहां पहुंचे और दोनों को घेर लिया।

युवती और उसके मंगेतर ने बताया कि वे मंदिर जा रहे हैं और उनकी शादी तय हो चुकी है। आरोपियों ने दोनों के माता-पिता से फोन पर भी बात की। इसके बाद उन्होंने दोनों को अपनी बाइकों और स्कूटी पर बिठा लिया और मंदिर ले जाने का बहाना बनाया।

लेकिन बदमाश उन्हें मंदिर नहीं ले गए। बल्कि एक सुनसान बाग में ले जाकर युवती के साथ मारपीट की, जातिसूचक गालियां दीं और फिर पांचों ने बारी-बारी से उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पूरे समय वे युवती का वीडियो बना रहे थे। अंत में धमकी देते हुए बोले- 'किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर देंगे।'

8 अप्रैल को दी गई थी शिकायत

पीड़िता ने 8 अप्रैल को मुंडेरवा थाने में लिखित आवेदन दिया। अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने बताया कि आवेदन मिलते ही मौके का निरीक्षण किया गया, पीड़िता की निशानदेही पर घटनास्थल का मुआयना किया गया और तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। सर्विलांस और तकनीकी मदद से चार आरोपियों को जल्दी गिरफ्तार कर लिया गया। पांचवें आरोपी की तलाश में पुलिस छानबीन कर रही है। मुकदमा धारा 140(4), 70(1), 115(2), 352, 351(3) BNS तथा SC/ST एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

Updated on:
09 Apr 2026 07:39 pm
Published on:
09 Apr 2026 07:39 pm