ब्यावर

ब्यावर: संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, भाई ने पति व ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

समीपवर्ती ग्राम पंचायत कोटड़ा के बाडिया अजबा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर जवाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
2 min read
Jun 07, 2026
married woman suspicious death
फोटो पत्रिका नेटवर्क

जवाजा (ब्यावर)। समीपवर्ती ग्राम पंचायत कोटड़ा के बाडिया अजबा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर जवाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार महिला की पहचान पिंकी पत्नी नरेंद्र सिंह देवकाबाला ग्राम पंचायत कोटड़ा के रूप में हुई है। उसका पीहर सेंदड़ा बताया गया है। उसके भाई रणजीत सिंह ने जवाजा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बहन की मौत को संदिग्ध हालात में बताया है। रिपोर्ट में उन्होंने पति तथा ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

परिजन के अनुसार सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे, जहां पिंकी अपने कमरे में मृत अवस्था में मिली। उनका आरोप है कि उसके शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए, जिससे उन्हें संदेह उत्पन्न हुआ। पीहर पक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है, वहीं पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि घटना की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

ट्रेलर की चपेट में आने से युवक की मौत

उधर, जवाजा बाईपास पुलिया के समीप शनिवार शाम को हुए एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में भीड़ जमा हो गई। पुलिस के अनुसार कालिंजर निवासी नरेन्द्र सिंह (27) पुत्र धीर सिंह अपनी बुआ से मिलने सोनियाना गए हुए थे। वहां से वापस लौटते समय जवाजा बाईपास पुलिया के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि नरेन्द्र सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही जवाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जवाजा की मोर्चरी में रखवाया। साथ ही दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
07 Jun 2026 02:51 pm
Published on:
07 Jun 2026 02:51 pm