बेगूसराय

बिहार में स्कूल के शौचालय में रखे थे शराब के कार्टन, चौथी का छात्र पीकर हुआ टल्ली; घर पहुंचा तो…

बिहार के बेगूसराय के एक स्कूल के पुराने शौचालय में तस्करों ने शारब छिपा कर रखी थी। जिसे चौथी कक्षा के एक छात्र ने पी लिया। जब वो शराब पीकर नशे में घर पहुंचा तो मामले का खुलासा हुआ। 

2 min read
पीड़ित छात्र और शराब जब्त करती पुलिस

Bihar News:बिहार में शराब पर पूरी तरह से पाबंदी लागू है। फिर भी, शराब से जुड़ी खबरें लगभग हर दिन सामने आती रहती हैं। ताजा मामला बेगूसराय के सिसवा उर्दू मिडिल स्कूल से सामने आया है, जहां तस्करों ने स्कूल परिसर के अंदर बने एक पुराने और टूटे-फूटे टॉयलेट को शराब का गोदाम बना दिया था। चौथी क्लास का एक मासूम छात्र गलती से उस जगह पहुंच गया और नासमझी में उसने शौचालय में रखी शराब पी ली। इसके बाद वह पूरी तरह नशे में धुत्त होकर घर पहुंचा, जिससे उसके परिवार और पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

ये भी पढ़ें

दारोगा जी को 7,000 रुपये पड़े भारी, चाय की दुकान पर विजिलेंस ने किया ट्रैप; रंगे हाथ दबोचे गए SI अनिल सिंह

लड़खड़ाते हुए घर पहुंचा बच्चा

सिसवा गांव के रहने वाले मोहम्मद परवेज आलम के 11 साल के बेटे मोहम्मद शोएब रोज की तरह ही आज भी स्कूल गया था। जब वह दोपहर में स्कूल से घर लौटा तो वह अपने पैरों पर ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। वह बुरी तरह लड़खड़ा रहा था, और उसके मुंह से शराब की तेज गंध आ रही थी। नशे के असर के कारण छात्र शोएब की हालत बिगड़ने लगी थी। उसकी मां रिजवाना खातून और उसके चाचा मोहम्मद खुर्शीद उसे ऐसी हालत में देखकर पूरी तरह से हैरान रह गए। आनन-फानन में स्थानीय डॉक्टरों द्वारा उसका प्राथमिक उपचार कराया गया। परिजनों के अनुसार, फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है।

टॉयलेट में मिला विदेशी शराब

जब परिवार वालों को कुछ समझ नहीं आया कि बच्चे को क्या हुआ है। तो उन्होंने शोएब के दोस्तों से इस बारे में पूछताछ की। बच्चों ने बताया कि शोएब स्कूल परिसर के पूर्वी हिस्से में बने एक पुराने और टूटे-फूटे टॉयलेट की तरफ चला गया था, जहां शराब से भरे कई बक्से छिपाकर रखे गए थे। परिवार वाले तुरंत स्कूल पहुंचे और स्कूल के हेडमास्टर मोहम्मद मुर्शाली को पूरी बात बताई। इसके बाद जब टॉयलेट का दरवाजा खोला गया, तो अंदर विदेशी शराब से भरे बक्सों का एक बहुत बड़ा ढेर मिला।

204 लीटर विदेशी शराब जब्त

हेडमास्टर ने तुरंत पुलिस को इस पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बछवारा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और शौचालय से 23 कार्टन (204 लीटर) विदेशी शराब जब्त की। थानाध्यक्ष परेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तस्कर स्कूल के दौरान इतनी बड़ी खेप परिसर के अंदर लाने में कैसे कामयाब रहे। वे इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि इसमें स्कूल के स्टाफ की कोई मिलीभगत थी या नहीं। इस घटना के बाद से पूरे गांव में भारी आक्रोश है।

ये भी पढ़ें

मेहमान संग रंगे हाथ पकड़ी गई बहू, गैर-मर्दों से अश्लील चैट पर टोका तो दी जेल की धमकी; सास पहुंची आयोग

Updated on:
07 Apr 2026 03:32 pm
Published on:
07 Apr 2026 03:29 pm
Also Read
View All