
Chhattisgarh Crime: बेमेतरा जिले के साजा थाना अंतर्गत ग्राम हरडुवा के कन्हार खार इलाके में एक वारदात सामने आई है। यहां कुलेश्वर साहू के खेत में एक 40 वर्षीय दिव्यांग युवक का लहूलुहान शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है और गहन विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस ने विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज, फॉरेसिंक एक्सर्ट की मदद ली है। मृतक के शव का साजा के अस्पताल में पीएम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
वारदात के बाद सुबह लोगों ने मृतक नरेश के दो पहिया वाहन व शव को देखने के बाद पहचान के लिए फोटो व वीडियो सोशल मीडिया में पोस्ट किया, जिसके बाद ग्राम चोंगीखपरी के लोगों ने फोटो देखकर मृतक की पहचान की। वहीं घटना की जानकारी नरेश के परिजनों तक पहुंची। मौके पर पहुंचने के बाद परिजनों ने शव की शिनाख्त मृतक नरेश देशलहरे के रूप में की, जो ग्राम चोंगीखपरी का निवासी था। मृतक के भाई टुमन लाल देशलहरे ने पुलिस को बताया कि नरेश 21 जून की सुबह लगभग 11 बजे अपनी स्कूटी लेकर घर से निकला था। पूरा दिन बीत जाने के बाद भी जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा तो चिंतित परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। अगले दिन 22 जून की सुबह सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हुई, जिसे देखकर परिजनों ने नरेश के रूप में उसकी शिनाख्त की। चर्चा के अनुसार मृतक अपने घर से कुछ रकम लेकर निकला था। मौके पर मृतक की जेब से रकम गायब मिले।
सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्हें नरेश का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। सिर पर किसी भारी और ठोस वस्तु से किए गए प्रहार के गहरे निशान थे, जो स्पष्ट रूप से क्रूर हत्या की ओर इशारा कर रहे थे। घटना स्थल पर मृतक की स्कूटी भी वहीं खड़ी पाई गई। साजा थाना निरीक्षक ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर बारीकी से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। शव मिलने के 30 घंटे से पुलिस परत दर परत विवेचना कर रही है।
इस मामले में पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में मृतक और संदेही को एक साथ देखा गया है। साथ ही संदेही के कपड़ों पर खून के दाग भी पाए गए हैं। पुलिस के लिए वर्तमान में सबसे बड़ी चुनौती यह है कि संदेही भी दिव्यांग है और बोलने-सुनने में असमर्थ है, जिसके कारण उससे पूछताछ करने में अधिकारियों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
प्राथमिक जांच में पुलिस को यह जानकारी मिली कि मृतक और संदेही दोनों ही शराब के आदी थे। ऐसी प्रबल आशंका जताई जा रही है कि शराब पीने के दौरान किसी छोटी सी बात को लेकर हुए आपसी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया होगा। इस मामले में एएसपी हरीश यादव ने कहा है कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही इस निर्मम हत्या का पूरा खुलासा किया जाएगा। थाना प्रभारी रोशन लाल तोंडे ने बताया कि प्रकरण का खुलासा जल्द ही किया जाएगा।