बेमेतरा

13 साल की उम्र में शुरू हुआ प्यार, शादी के एक महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मचा हड़कंप

Bemetara News: 13 साल की उम्र में शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत इतना दर्दनाक होगा, शायद किसी ने नहीं सोचा था। 5 साल तक चले प्रेम संबंध के बाद समाज की मौजूदगी में दोनों की शादी हुई, लेकिन शादी के महज एक महीने बाद 18 वर्षीय नवविवाहिता का शव ससुराल में फांसी के फंदे पर लटका मिला।
2 min read
May 30, 2026
Chhattisgarh News
Dead body (Demo pic)

Chhattisgarh News: बेमेतरा जिले के चंदनू थाना क्षेत्र के ग्राम झिरिया में 5 साल के प्रेम प्रसंग और समाज के सामने जयमाला पहनाकर ब्याही गई एक 18 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका गीता साहू का शव उसके पति उमेश साहू के घर में पंखे से फांसी के फंदे पर लटका मिला। इस घटना के बाद मायका पक्ष ने लड़के और उसके परिवार पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चंदनू थाना प्रभारी, तहसीलदार और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची। साक्ष्य जुटाए और अधिकारियों व परिजनों की मौजूदगी में शव को फंदे से नीचे उतारा गया। चन्दनू थाना प्रभारी दुलेश्वर चंद्रवंशी ने कहा कि मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, जिसकी बाकायदा वीडियोग्राफी भी की गई है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

13 वर्ष की उम्र में शुरू हुआ था प्रेम प्रसंग

परिजनों के अनुसार मृतका और युवक के बीच पिछले पांच वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था। जब यह प्रेम प्रसंग शुरू हुआ, तब युवती की उम्र महज 13 वर्ष थी। कुछ समय बाद जब दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को हुई, तो गांव में एक सामाजिक बैठक बुलाई गई। चूंकि लड़का और लड़की दोनों एक ही समाज से ताल्लुक रखते थे, इसलिए सामाजिक बुजुर्गों और दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनी। बैठक में एक सहमति पत्र तैयार किया गया, जिसमें यह तय हुआ कि दोनों के बालिग होते ही उनका विवाह करा दिया जाएगा।

प्रशासन ने लड़के की उम्र नहीं होने के कारण रुकवाई थी शादी

अप्रैल माह में लड़की की उम्र 18 वर्ष होने पर, लड़के वालों पर परिजनों ने शादी का दबाव बनाया। लड़के वालों ने कहा कि लडक़े की अभी शादी की उम्र नहीं है, यह कहकर शादी टालने की कोशिश की। विवाद बढऩे पर दोबारा सामाजिक बैठक हुई और आखिरकार 21 अप्रैल की तारीख शादी के लिए तय की गई। शादी के कार्ड भी बांट दिए गए थे, लेकिन फिर इसकी सूचना महिला एवं बाल विकास विभाग को मिलने पर पहुंचकर लड़के के शादी की उम्र नहीं होने के कारण विवाह रुकवा दिया।

सुबह मायके वालों को दी गई सूचना

शादी के एक माह बाद 28 मई को इस प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हो गया। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात संदिग्ध परिस्थिति में लड़की की मौत हो गई। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे लडक़े वालों ने मृतका के परिजनों को सूचना दी कि उनकी बेटी ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही मायके वाले लडक़ी के ससुराल पहुंचे, जहां लडक़ी की लाश नायलॉन की रस्सी के सहारे पंखे से लटकी हुई थी(

समझाइश के बाद समाज में हुई थी शादी

शादी रुकने के महज चार दिन बाद लडक़ी एक बार फिर लडक़े के घर जाकर बैठ गई। लडक़े वालों ने इसकी शिकायत चन्दनू थाने में की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया और समझाइश देकर वापस भेजा। इसके कुछ समय बाद, दोनों पक्षों और समाज की उपस्थिति में जयमाला की रस्म अदायगी कर दोनों की शादी करा दी गई। शादी के बाद दोनों पति-पत्नी की तरह रह रहे थे।

तहसीलदार की मौजूदगी में उतारा गया शव

घटना की संवेदनशीलता और नवविवाहिता की मौत का मामला होने के कारण चन्दनू थाना प्रभारी, तहसीलदार और फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों और मायके पक्ष के लोगों की उपस्थिति में घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया गया। साक्ष्य जुटाने के बाद शव को फंदे से नीचे उतारा गया और पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजा गया।

Updated on:
30 May 2026 04:33 pm
Published on:
30 May 2026 04:32 pm