भरतपुर

Bharatpur News: 30 हजार की रिश्वत लेते दो पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, बाजार में बुलाकर ले रहे थे घूस

राजस्थान के भरतपुर जिले में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पटवारियों को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। रिश्वत जमीन की पैमाइश के एवज में ली गई थी। एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी पटवारी प्रदीप सिंह और दिगम्बर सिंह को पकड़ा है। जिन्हें एसीबी कार्यालय ले जाया गया है।
2 min read
Jul 10, 2026
Bharatpur ACB Action
Bharatpur ACB Action : नीले शर्ट में पटवारी प्रदीप और टोपी लगाए हुए पटवारी दिगंबर। (फोटो-पत्रिका)

भरतपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की भरतपुर इकाई ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भू-प्रबंधन विभाग के दो पटवारियों को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दोनों पटवारी कृषि भूमि की पैमाइश और निशानदेही के बदले 50 हजार की रिश्वत मांग रहे थे। एसीबी ने आरोपियों को शहर के चौबुर्जा चौराहे के पास ट्रैप कार्रवाई के दौरान दबोच लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी को एक परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी कृषि भूमि की पूर्व में हुई नाप की निशानदेही कराने के बदले दो पटवारी 50 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हो गई।

कार्रवाई करती एसीबी टीम (फोटो-पत्रिका)

30 हजार में तय हुआ सौदा

सत्यापन के दौरान दोनों पक्षों के बीच 50 हजार रुपए की मांग के बजाय 30 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। आरोपियों ने परिवादी को रिश्वत की रकम देने के लिए शहर के चौबुर्जा चौराहे के पास बाजार में बुलाया। जैसे ही परिवादी ने तय राशि दोनों पटवारियों को सौंपी, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

ये पटवारी हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप सिंह और दिगंबर सिंह के रूप में हुई है। दोनों भू-प्रबंधन विभाग में पटवारी के पद पर कार्यरत हैं। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने की।

आरोपियों को एसीबी कार्यालय लाया गया

एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को एसीबी कार्यालय लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही उनके आय से अधिक संपत्ति और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच की जाएगी।

यह वीडियो भी देखें :

अन्य की भूमिका की होगी जांच

मिली जानकारी के अनुसार, भू-प्रबंधन विभाग में जमीन की पैमाइश, सीमांकन और निशानदेही के नाम पर रिश्वतखोरी की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। एसीबी अब यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या दोनों पटवारी पहले भी इसी तरह लोगों से अवैध वसूली करते रहे हैं या इसमें किसी अन्य कर्मचारी की भी भूमिका रही है।

रिश्वत मांगने पर करें शिकायत

एसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत तुरंत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से करें। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
10 Jul 2026 08:25 pm
Published on:
10 Jul 2026 08:18 pm
Also Read
View All
Rajasthan Crime: व्यापारी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, यूपी से दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, पुलिस एनकाउंटर में एक घायल

डीग में रसद विभाग को ही बना लिया ‘बेडरूम’: बाहर भटकते रहे फरियादी, अंदर चादर तान सोते मिले इंस्पेक्टर

भरतपुर: बर्तन व्यापारी चंद्रभान शर्मा हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 5 लाख की लूट के इरादे से मारी थी गोली

Rajasthan: ‘बाबूजी… हम बहुत गरीब हैं,’ रोडवेज-स्लीपर बस हादसे में पैर टूटने के बाद दर-दर की ठोकर खा रहा परिवार

सर्राफा व्यापारी योगेंद्र चोपड़ा हत्याकांड: ‘नींद तक नहीं आती’, बीते 104 दिनों से ठीक से सोया तक नहीं परिवार, कातिल अब भी फरार