भरतपुर

Bharatpur Murder : खेत में दबा प्रेमी का शव बरामद, प्रेमिका प्रियंका गिरफ्तार, पुलिस ने हत्या की साजिश का किया खुलासा

Bharatpur Murder : भरतपुर के बयाना के नंगला सुल्तान गांव में पुलिस ने हत्या की चौंकाने वाली साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने प्रेमिका प्रियंका को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
2 min read
Bharatpur Bayana Murder Lovers body found buried in field girlfriend Priyanka arrested Police uncovered a murder plot
सदर बयाना थाना। फाइल फोटो पत्रिका

Bharatpur Murder : भरतपुर के बयाना के नंगला सुल्तान गांव में मंगलवार शाम जमीन में दबा शव मिलने के बाद सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने हत्या की चौंकाने वाली साजिश का पर्दाफाश किया है। प्रेम प्रसंग और पैसों के लेनदेन को लेकर एक युवक साजिश के तहत निर्मम हत्या कर शव को खेत में गाड़ दिया गया था। युवके के कई दिनों से लापता होने के बाद परिजन चिंतित हो गए थे।

सदर बयाना थाना प्रभारी शैलेन्द्र ने बताया कि 13-14 मार्च की दरम्यानी रात गांव नंगला सुल्तान निवासी प्रियंका (30 वर्ष) पत्नी रामकुमार राजपूत ने अपने प्रेमी भूपेन्द्र को मिलने के लिए बुलाया। पहले से ही मौजूद अन्य युवक रमाकान्त ने भूपेन्द्र को जमकर शराब पिलाई। जब वह नशे में पूरी तरह धुत हो गया, तब प्रियंका ने रमाकान्त व अन्य साथियों के साथ मिलकर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने आनन फानन में शव को प्रियंका के खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया और ऊपर से बिटौरा रखकर सबूत छिपाने की कोशिश की।

प्रियंका ने साजिश कबूली

पुलिस के अनुसार, मृतक और प्रियंका के बीच लगातार फोन पर बातचीत होती थी। कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने प्रियंका को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती के आगे टूट गई और पूरी साजिश कबूल कर ली।

मुख्य आरोपी प्रियंका पुलिस की गिरफ्त में

जांच में यह भी सामने आया कि मृतक भूपेन्द्र ने हाल ही में प्रियंका के यूपीआई खाते में 18 हजार रुपए ट्रांसफर किए थे, जिससे पैसों के लेनदेन का एंगल भी जुड़ा पाया गया। फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रियंका को गिरफ्तार कर लिया है। प्रियंका से पूछताछ अभी भी जारी है। वहीं दूसरी तरफ अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस आरोपियों की तलाश में अपने सूत्रों को सक्रिय कर दिया है। थोड़ी भी जानकारी होने पर पुलिस उस स्थान पर छापेमारी कर रही है। उम्मीद है फरार आरोपी जल्द ही पुलिस के शिकंजे में होंगे।

पत्नी के प्रेम लीला की जानकारी पर चौंका पति

बताया जा रहा है कि प्रियंका का पति रामकुमार जयपुर में मजदूरी करता है। उसे इस प्रेम प्रसंग की कोई जानकारी नहीं थी। जब उसे पत्नी के प्रेम लीला का पता चला तो वह चौंक गया।

जवान बेटे की हत्या से परिवार में गहरा आक्रोश

पुलिस ने बुधवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। जवान बेटे की हत्या से परिवार में गहरा आक्रोश और शोक का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हैं और अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।

Published on:
26 Mar 2026 01:42 pm