Bharatpur Crime : भरतपुर के नदबई क्षेत्र में एक चर्चित हत्या मामले में कोर्ट ने चार आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई हैं। साथ ही प्रत्येक आरोपी पर 10-10 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया गया है। इसके साथ ही सीकरी कस्बे में जमीन विवाद में युवक को गोली मारी गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
Bharatpur Crime : भरतपुर के नदबई क्षेत्र के गांव मई में वर्ष 2020 में हुई मारपीट के दौरान हत्या के चर्चित मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायालय नदबई ने चार आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई हैं। इसके साथ ही प्रत्येक आरोपी पर 10-10 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया गया है। यह फैसला अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सीताराम मीना ने सुनाया।
अभियोजन अधिकारी ऋषिपाल तिवारी के अनुसार, यह मामला 20 मई 2020 का है। लखनपुर थाना क्षेत्र के गांव मई निवासी लक्ष्मी पत्नी देशराज ने 21 मई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें बताया गया कि घटना के समय वह अपने घर में चाय बना रही थी, तभी आरोपी रमेश, वीरेन्द्र, विजय सिंह और गौरव सहित अन्य लोग एकराय होकर लाठी डंडा, फरसा और सरिया लेकर घर पर पहुंचे और अचानक हमला कर दिया।
हमले के दौरान आरोपियों ने लक्ष्मी के साथ मारपीट की। शोरशराबा सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, तो उनके साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई। इसी बीच देशराज, जो शौच कर वापस घर लौट रहे थे, उन्हें भी आरोपियों ने घेरकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल देशराज को तत्काल भरतपुर के आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जयपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान देशराज ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और साक्ष्य एकत्रित कर आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया। दोनों पक्षों की दलीलों और प्रस्तुत साक्ष्यों पर विचार करने के बाद न्यायालय ने आरोपी वीरेन्द्र, विजय सिंह, रमेश और गौरव को दोषी करार दिया। अदालत ने चारों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाते हुए प्रत्येक पर 10-10 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया।
एक और मामले में सीकरी कस्बे में बुधवार रात एक युवक ने दूसरे युवक को गोली मार दी। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मामला जमीन को लेकर रंजिश का बताया जा रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। गोलीकांड के बाद गांव समेत क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि बुधवार की रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि गांव घमूड़की में फायरिंग के दौरान एक युवक की मौत हो गई है। मामले में मृतक के भाई जगजीत सिंह उर्फ छीतु पुत्र सुंदर सिंह रायसिख निवासी घमूड़की ने गांव के ही सुखबीर सिंह पुत्र काला सिंह, जसबीर सिंह पुत्र दर्शन सिंह, राजेन्द्र सिंह पुत्र दर्शन सिंह, जसवंत सिंह पुत्र स्वर्ण सिंह, हरवंश सिंह पुत्र प्रीतम सिंह व मुख्त्यार सिंह पुत्र मांग सिंह रायसिख निवासी घमूड़की तथा राजसिंह पुत्र महेंद्र सिंह रायसिख निवासी गढ़तेस्की के खिलाफ भाई की हत्या करने का मामला दर्ज कराया है।