30 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan : राजस्थान के परिवहन निरीक्षक अब रहेंगे बेफिक्र, विभाग ने दिया जिला कलक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को सख्त आदेश

Rajasthan Transport Department : राजस्थान के परिवहन निरीक्षक अब बेफिक्र रहेंगे। राज्य के परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा ने सभी जिला कलक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं। जानें आदेश क्या हैं?

2 min read
Google source verification
Rajasthan Transport inspectors will now be worry-free department issued strict orders to district collectors and police superintendents

भरतपुर - चेकिंग के दौरान परिवहन निरीक्षक। फोटो पत्रिका

Rajasthan Transport Department : प्रदेश में अब हाइवे पर वाहनों की चेकिंग और राजस्व वसूली करने वाले परिवहन निरीक्षक सुरक्षा के दायरे में रहेंगे। उनकी शिकायत पर पुलिस को तुरंत एक्शन लेना होगा। यह सख्ती इसलिए की गई है क्योंकि कई बार वसूली और प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान निरीक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार, विरोध और यहां तक कि मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है।

राजस्थान के परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा ने सभी जिला कलक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को पत्र जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परिवहन निरीक्षकों के राजकार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाए। विशेष रूप से कहा गया है कि ऐसी किसी भी घटना में बिना देरी एफआईआर दर्ज की जाए और पुलिस तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करे।

आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा के आदेश में यह भी रेखांकित किया है कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते समय निरीक्षकों और उप निरीक्षकों को अक्सर विरोध और हमलों का सामना करना पड़ता है। कई मामलों में शिकायत देने के बावजूद पुलिस स्तर पर अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती जाती, जिससे न केवल प्रवर्तन कार्य प्रभावित होता है बल्कि अधिकारियों का मनोबल भी गिरता है।

लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय होगी

परिवहन विभाग ने इस स्थिति को गंभीर मानते हुए स्पष्ट किया है कि अब निरीक्षकों की ओर से दी गई शिकायतों को भी उतनी ही प्राथमिकता दी जाएगी, जितनी उनके खिलाफ आने वाली शिकायतों को दी जाती है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

परिवहन विभाग राज्य के राजस्व का प्रमुख स्त्रोत

पत्र में यह भी उल्लेख है कि परिवहन विभाग राज्य के राजस्व का प्रमुख स्रोत है और इसमें फील्ड में काम करने वाले निरीक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ये अधिकारी कठिन परिस्थितियों में सड़कों पर कार्य करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। नए निर्देशों के बाद राज्यभर में परिवहन विभाग की कार्रवाई और अधिक प्रभावी होने की उम्मीद है। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बढ़ेगी।

राजस्थान में कुल परिवहन निरीक्षक

राजस्थान परिवहन विभाग में जिलों में कार्य सुचारू रूप से चलाने के लिए आधिकारिक रूप से 296 परिवहन निरीक्षक के पद सृजित हैं, जबकि कुछ अन्य रिपोर्टों के अनुसार यह संख्या 324 तक बताई गई है। इसके अतिरिक्त, विभाग में 375 से 391 उप परिवहन निरीक्षक के पद भी शामिल हैं। संख्या में कुछ ऊपर नीचे हो सकता है।