
Bharatpur Zila Pramukh Results : भरतपुर जिला प्रमुख चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से रेनू वाला और भाजपा की ओर से पूजा जाटव ने प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। रिजल्ट आज ही घोषित किया जाएगा। भरतपुर जिला परिषद में आंकड़े कांग्रेस के पक्ष में हैं, लेकिन जिला प्रमुख की कुर्सी के चुनाव में भाजपा इस गणित को महज आंकड़ों तक सीमित नहीं रहने देना चाहती। 21 सदस्यों के मजबूत किले के साथ कांग्रेस सिंहासन के करीब है। वहीं 9 सदस्यों वाली भाजपा कम संख्या के बावजूद सियासी सेंधमारी की रणनीति में जुटी है। मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में जिला प्रमुख का चुनाव अब केवल पद का निर्वाचन नहीं, बल्कि दोनों दलों के लिए प्रतिष्ठा, रणनीति और राजनीतिक प्रभाव की परीक्षा बन गया है।
भरतपुर में कलेक्ट्रेट के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। शपथ लेने वाले कांग्रेस सदस्यों को घेराबंदी के बीच कलेक्ट्रेट सभागार में ले जाया गया। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने नारेबाजी करते रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गाली-गलौज की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रताप सिंह खाचरियावास को भी गाली दी। एक-दूसरे के खिलाफ जमकर अपशब्द कहे, अभी हंगामा जारी, पुलिस से भी धक्का-मुक्की हुई।
भरतपुर जिला परिषद की 31 सीटों में कांग्रेस ने 21 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। भाजपा 9 सीटों पर सिमटी, जबकि एक सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के खाते में गई है।
इससे पहले भरतपुर के जिला प्रमुख भाजपा के जगत सिंह थे। वे 28 मत प्राप्त करके भरतपुर जिला प्रमुख के रूप में विजयी हुए थे। दिसंबर 2023 के चुनाव में जगत सिंह नदबई सीट से विधायक निर्वाचित हुए। उनके विधायक बनने के बाद जिला प्रमुख के उपचुनाव नहीं हुए थे। जगत सिंह भारतीय जनता पार्टी के राजनेता और पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह के पुत्र हैं।
जिला प्रमुख के निर्वाचन के अगले दिन 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख पद के लिए चुनाव होगा। इसके बाद 27 नवंबर को जिले की सभी पंचायत समितियों के मुख्यालयों पर प्रधान पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। वहीं, 28 नवंबर को उप प्रधान पद के लिए चुनाव कराया जाएगा। इन सभी पदों के निर्वाचन में भी जिला प्रमुख चुनाव की तरह ही नामांकन, संवीक्षा, नाम वापसी और आवश्यकता होने पर मतदान की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इस तरह चार दिनों तक चलने वाली निर्वाचन प्रक्रिया के साथ जिले की जिला परिषद और पंचायत समितियों को नए मुखिया मिल जाएंगे।