भरतपुर

गिरिराजजी की शरण में पहुंचे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, शष्टांग दंडवत कर पत्नी के साथ लगाई परिक्रमा

श्रीनाथजी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना, परिक्रमा मार्ग में उमड़ा जनसैलाब, गिरराज महाराज के जयकारों से गूंजा क्षेत्र, सुरक्षा रही चाक-चौबंद।
less than 1 minute read
Dec 31, 2025
CM Bhajanlal Sharma, CM Bhajanlal Sharma in Poonchri, CM Bhajanlal Sharma in Shrinathji Temple, Shrinathji Temple, Deeg News, Bharatpur News, Rajasthan News, सीएम भजनलाल शर्मा, सीएम भजनलाल शर्मा इन पूंछरी, सीएम भजनलाल शर्मा इन श्रीनाथजी मंदिर, श्रीनाथजी मंदिर, डीग न्यूज, भरतपुर न्यूज, राजस्थान न्यूज
पूजा-अर्चना करते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा। फोटो- पत्रिका

डीग। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को जिले के पूंछरी का लौठा पहुंचे और पूंछरी स्थित श्रीनाथजी मंदिर में दर्शन कर राष्ट्र और प्रदेश की खुशहाली के लिए विशेष अनुष्ठान किया। मुख्यमंत्री ने पत्नी के साथ एक सामान्य श्रद्धालु की तरह भक्तिभाव से पांच दंडवत (साष्टांग प्रणाम) लगाकर सप्तकोसीय परिक्रमा का शुभारंभ किया।

हेलीपैड पर सम्मान के साथ अगवानी

बुधवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हेलीकॉप्टर से पूंछरी का लौठा स्थित हेलीपैड पर पहुंचे। यहां गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म की उपस्थिति में प्रशासन की ओर से उनका स्वागत किया गया। इस दौरान भरतपुर संभाग और जिले के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी संभागीय आयुक्त डॉ. नलिनी कठोतिया, पुलिस महानिरीक्षक कैलाश चंद बिश्नोई, जिला कलक्टर उत्सव कौशल तथा जिला पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश मीना ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

राष्ट्र-कल्याण का संकल्प, श्रीनाथजी के दर्शन

हेलीपैड से मुख्यमंत्री सीधे श्रीनाथजी मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने आराध्य देव से विकसित राजस्थान के संकल्प की सिद्धि तथा प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।

यह वीडियो भी देखें

दंडवत परिक्रमा

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने अपनी पत्नी के साथ पांच दंडवत लगाकर सप्तकोसीय परिक्रमा की शुरुआत की। जतीपुरा मुकुट मुखारबिंद पर मुख्यमंत्री ने दुग्धाभिषेक किया। परिक्रमा मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों, साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर सभी के अभिवादन को स्वीकार किया। पूरा परिक्रमा मार्ग 'बोलो गिरिराज महाराज की जय' के उद्घोषों से गुंजायमान हो उठा।

गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री निर्धारित स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जिसके बाद जयपुर रवाना होंगे। परिक्रमा के दौरान जिला कलक्टर उत्सव कौशल और पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश मीना के नेतृत्व में 21 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा और यातायात की पुख्ता व्यवस्थाएं की गईं।

Updated on:
31 Dec 2025 08:33 pm
Published on:
31 Dec 2025 07:59 pm