भरतपुर

राजस्थान के डीग में चुनावी रंजिश को लेकर विवाद, मारपीट में 11 लोग घायल; एक युवक की मौत

राजस्थान के डीग जिले के सुंदरावली गांव में चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में 11 लोग घायल हो गए, जबकि बृजेश नामक युवक की मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 10:20 PM IST
rajasthan deeg election clash
युवक की मौत के बाद परिजनों ने लगाया जाम, पुलिस ने समझाइश कर खुलवाया रास्ता (पत्रिका फोटो)

Rajasthan Deeg Election Clash: डीग जिले के सुंदरावली गांव में चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें 11 लोग घायल हो गए। वहीं, गंभीर रूप से घायल बृजेश की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने डीग रोड स्थित चुंगी पर जाम लगा दिया। कई घंटे तक जाम रहने से सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा।

चुनावी विवाद में भिड़े दो पक्ष, 11 लोग घायल

जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने बताया कि चुनावी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। इस दौरान हुई मारपीट में 11 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

युवक की मौत के बाद परिजनों ने लगाया जाम

बृजेश की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने डीग मार्ग स्थित चुंगी पर जाम लगाकर विरोध जताया। परिजन घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। कई घंटे तक जाम रहने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही।

एसपी ने मौके पर पहुंचकर दिया आश्वासन

घटना और जाम की सूचना मिलने पर पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक के परिजनों से बातचीत की। उन्होंने 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खुलवाने और स्थिति सामान्य करने के प्रयास किए गए।

लापरवाही पर तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

मामले में पुलिस की ओर से बरती गई लापरवाही सामने आने पर तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है। घटना के बाद सुंदरावली गांव और आसपास के क्षेत्र में एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार निगरानी रख रही है, ताकि तनाव के बीच कोई अप्रिय घटना न हो। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।