
Rajasthan Congress : डीग जिला बनने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) के गठन के साथ अब डीसीसी का पहला जिलाध्यक्ष बनेगा। इसको लेकर कांग्रेस में संगठन की दृष्टि से प्रक्रिया शुरू हो गई। कांग्रेस ने प्रदेश में 50 जिले मानकर प्रभारी नियुक्त किए हैं। इसमें संगठन की दृष्टि से केवल सिंह पठानिया को डीग और भरतपुर जिले का प्रभारी नियुक्त किया है। वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं से रायशुमारी करने के बाद जिलाध्यक्ष को लेकर संगठन को पैनल भेजेंगे। जिले का पहला जिलाध्यक्ष बनने को लेकर एक बार फिर अंदरूनी तौर पर प्रयास तेज हो गए हैं।
डीग जिले का पहला अध्यक्ष जाट, गुर्जर, मेव, ब्राह्मण या वैश्य में से कौन बनेगा, यह भविष्य के गर्त में है। संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने डीग और भरतपुर जिले का प्रभारी हिमाचल प्रदेश के राज्यमंत्री केवल सिंह पठानिया को बनाया है।
गुजरात मॉडल के तहत जिलाध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया को पूरी तरह गोपनीय रखने के निर्देश दिए गए हैं। राज्यों के पर्यवेक्षक राजस्थान से वरीयता के हिसाब से मेरिट पर 6 नाम का पैनल बनाकर ले जाएंगे। डीग और भरतपुर जिले में जिलाध्यक्ष के चयन के लिए लगाए गए पर्यवेक्षक केवल सिंह पठानिया 6 अक्टूबर से जिले के 5 दिवसीय दौरे पर रहेंगे। कांग्रेस संगठन की ओर से अप्रेल में डीग जिले की रचना तैयार कर जिले में डीग-कुम्हेर, नगर और कामां तीन विधानसभाओं को शामिल किया गया।
जिला कांग्रेस कमेटी में जिले की डीग-कुम्हेर, नगर और कामां विधानसभाओं को शामिल किया गया है। इसमें डीग-कुम्हेर विधानसभा का डीग और कुम्हेर ब्लॉक, नगर विधानसभा का नगर और खोह ब्लॉक, कामां विधानसभा का कामां और पहाड़ी ब्लॉक को शामिल किया गया है।
उल्लेखनीय है कि नवगठित जिले के दो वर्ष पूरा करने के बाद भी भाजपा और कांग्रेस ने नए जिलों में अभी तक संगठन की दृष्टि से जिला अध्यक्ष नियुक्त नहीं किए हैं। अभी तक दोनों दलों में संगठन का कार्य पुराने जिलों से हो रहा है। इसके अनुसार डीग जिले के संगठन का कार्य भरतपुर से हो रहा है।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर डीग और भरतपुर जिले के प्रभारी (पर्यवेक्षक) नियुक्त किए केवल सिंह पठानिया ने पत्रिका से बातचीत में बताया कि वो 6 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक जिले के 5 दिवसीय दौरे पर रहेंगे। प्रभारी सोमवार सुबह 9.30 बजे भरतपुर पहुंचने के बाद पहले जिला कांग्रेस कमेटी और फिर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक लेंगे। बैठक के बाद प्रभारी यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई सहित अन्य कांग्रेस संगठनों के पदाधिकारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओें से वन-टू-वन चर्चा करेंगे।
जानकारी के अनुसार पर्यवेक्षक 8 अक्टूबर को डीग जिले का दौरा करेंगे। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं में इसको लेकर उत्साह है। वे अपनी नियुक्तियों को लेकर भी कयास लगा रहें हैं। वहीं बैठक के बाद ही यह स्पष्ट होगा।