भरतपुर

Bharatpur Murder: लखनऊ जा रहे युवक की रेलवे स्टेशन पर हत्या, जीआरपी ने आरोपी को मौके से पकड़ा

सूरत से लखनऊ जा रहे युवक की भरतपुर के बंशी पहाड़पुर रेलवे स्टेशन पर बेरहमी से हत्या कर दी गई। ट्रेन में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद प्लेटफॉर्म पर इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पत्थर से हमला कर युवक की जान ले ली। जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
2 min read
Jul 24, 2026
Bharatpur Murder
Bharatpur Murder: मृतक संतोष (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

भरतपुर। जिले के बंशी पहाड़पुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद एक यात्री की जान ले बैठा। अवध एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर के दौरान दो यात्रियों के बीच हुई कहासुनी स्टेशन पहुंचने के बाद हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि एक युवक ने दूसरे के सिर पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया।

कोटा जीआरपी के सीओ शकील अहमद के अनुसार मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी 34 वर्षीय संतोष के रूप में हुई है। संतोष गुजरात के सूरत शहर में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था और अपने साले राधे के साथ रह रहा था। छुट्टी लेकर वह अपने घर हरदोई लौट रहा था। राधे ने उसे सूरत से अवध एक्सप्रेस में बैठाया था। संतोष को लखनऊ रेलवे स्टेशन पर उतरना था, जहां से उसे हरदोई जाना था।

प्लेटफॉर्म पर हुई वारदात

पुलिस के मुताबिक सफर के दौरान जनरल कोच में सीट को लेकर संतोष की झांसी निवासी अशोक से बहस हो गई। पहले तो यात्रियों ने दोनों को समझाकर मामला शांत करा दिया, लेकिन विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। गुरुवार रात करीब 11 बजे जब ट्रेन भरतपुर जिले के बंशी पहाड़पुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची, तब दोनों प्लेटफॉर्म पर फिर आमने-सामने आ गए।

पत्थर से सिर पर किए कई वार

इसी दौरान कहासुनी दोबारा बढ़ गई और आरोप है कि अशोक ने पास में पड़े पत्थर से संतोष के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से संतोष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।

यह वीडियो भी देखें :

शुक्रवार सुबह पहुंचे मृतक के परिजन

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बयाना अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और मृतक के परिजनों को सूचना दी। शुक्रवार सुबह संतोष के परिजन बयाना पहुंचे, जिसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अशोक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल पत्थर भी बरामद कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की सभी परिस्थितियों की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद सामने आया है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Updated on:
24 Jul 2026 04:42 pm
Published on:
24 Jul 2026 04:39 pm