भरतपुर

Bharatpur: टॉफी खरीदने पहुंची 8 साल की मासूम से छेड़छाड़, घर ले गया दुकानदार, दिखाए अश्लील वीडियो

Rajasthan Crime News: दुकान पर ग्राहकों के आने की आहट होते ही आरोपी घबरा गया और उसने बच्ची को तुरंत छोड़ दिया। डरी-सहमी बच्ची रोती हुई अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना के बारे में बताया।

less than 1 minute read
Apr 28, 2026
Rajasthan-Police
प्रतीकात्मक तस्वीर: पत्रिका

Shopkeeper Molests Innocent Girl: भरतपुर जिले में 65 साल के एक दुकानदार ने 8 साल की मासूम बच्ची के साथ हैवानियत की हद पार कर दी। रविवार दोपहर करीब दो बजे बच्ची जैसे रोज की तरह टॉफी खरीदने दुकान पर पहुंची। लेकिन दुकानदार ने उसे बहला-फुसलाकर दुकान के पीछे स्थित अपने घर में ले लिया। वहां आरोपी ने गलत नीयत से बच्ची के साथ अशोभनीय हरकतें कीं और मोबाइल पर अश्लील वीडियो भी दिखाए।

घटना के दौरान बच्ची डर गई और विरोध करने की कोशिश करती रही, लेकिन आरोपी ने उसे धमकाकर चुप कराने का प्रयास किया।

बच्ची ने रोते-रोते सुनाई आपबीती

दुकान पर ग्राहकों के आने की आहट होते ही आरोपी घबरा गया और उसने बच्ची को तुरंत छोड़ दिया। डरी-सहमी बच्ची रोती हुई अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना के बारे में बताया। बच्ची की हालत देखकर परिवार के लोग भी घबरा गए।

परिजनों ने किया विरोध, पहुंचे थाने

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन आरोपी के घर पहुंचे और शिकायत की लेकिन वहां आरोपी के परिवार वालों ने उनके साथ बदसलूकी की। इसके बाद मामला बढ़ गया और सोमवार दोपहर परिजन पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे। इस दौरान कॉलोनी के काफी लोग भी उनके समर्थन में थाने के बाहर जमा हो गए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। एसआई राकेश शर्मा ने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

कॉलोनीवासियों ने की गिरफ्तारी की मांग

मामले की जांच सीओ बयाना को सौंपी गई है। वहीं कॉलोनी के लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

Published on:
28 Apr 2026 01:23 pm