भिलाई

Bhilai News: भिलाई में इस्तेमाल होने वाले ऑस्ट्रेलियन कोक की हेराफेरी, खनिज विभाग ने गोदाम से लिए नमूने

Bhilai News: बीएसपी प्रबंधन को पत्र लिखकर तकनीकी सहयोग मांगा है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। बीते दिनों 250 टन लौह स्क्रैप चोरी मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

2 min read
Jun 02, 2026
Bhilai News
ऑस्ट्रेलियन कोक की हेराफेरी (photo Patrika)

Bhilai News: बीएसपी में इस्तेमाल होने वाले कथित ऑस्ट्रेलियन कोक के निजी गोदाम में मिलने के मामले में जांच तेज हो गई है। सोमवार को दुर्ग जिले के जेवरा-सिरसा स्थित आरडीके इंडस्ट्री में सहायक खनिज अधिकारी दीपक तिवारी के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम पहुंची। टीम ने गोदाम में डंप कोयला और कोक के संदिग्ध ढेरों का निरीक्षण कर दो अलग-अलग स्थानों से नमूने एकत्र किए, जिन्हें परीक्षण के लिए बीएसपी की प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

Bhilai News: खनिज विभाग को जांच के लिए बुलाया

बता दें कि एक दिन पहले पुलिस ने गोदाम को अपने कब्जे में लेकर खनिज विभाग को जांच के लिए बुलाया था। इस कार्रवाई के दौरान आरडीके इंडस्ट्री के संचालक गिरीश खंडेलवाल बुलाए जाने के बाद भी मौके पर उपस्थित नहीं हुए, जिसके बाद अधिकारियों ने पंचनामा तैयार कर नमूने जब्त किए। सूत्रों के अनुसार, आरडीके इंडस्ट्री को बीएसपी से फ्लू डस्ट हैंडलिंग का ठेका मिला हुआ है।

मूल्यवान सामग्री की हेराफेरा की आशंका

आशंका है कि इसी की आड़ में मूल्यवान सामग्री की हेराफेरी की जा रही थी। पुलिस ने बीएसपी प्रबंधन को पत्र लिखकर तकनीकी सहयोग मांगा है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। वहीं, बीएसपी से जुड़े 250 टन लौह स्क्रैप चोरी मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद इस मामले में जेल जाने वाले आरोपियों की संख्या आठ हो गई है।

3 करोड़ के लौह स्क्रैप चोरी

एसपी (भिलाई स्टील प्लांट) से लौह स्क्रैप चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पुरानी भिलाई पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि करीब तीन करोड़ 22 लाख रुपए का स्क्रैप और चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे भारी वाहन जब्त किए गए हैं। इस पूरे मामले का खुलासा सबसे पहले पत्रिका ने किया था। भिलाई-3 थाना पुलिस को 26 मई को सूचना मिली थी कि ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित एके ट्रेडर्स, एचआईए हथखोज में संदिग्ध स्क्रैप रखा गया है।

गोदाम में मिला 250 टन से ज्यादा लोहा

जांच में गोदाम से करीब 250 टन संदिग्ध लोहा बरामद किया गया। पुलिस को आशंका है कि यह लोहा BSP की SMS-3 यूनिट से चोरी कर यहां जमा किया गया था। ट्रकों के ऊपर फ्लाई ऐश डाली जाती थी, जबकि नीचे भारी मात्रा में लोहा छिपाकर रखा जाता था। पुलिस ने जब दो हाईवा वाहनों की जांच की तो ऊपर फ्लाई ऐश दिखाई दी, लेकिन अंदर टनों के हिसाब से लोहा भरा मिला।

Published on:
02 Jun 2026 10:04 am