भिलाई

‘दादागिरी’ शब्द पर भड़के सभापति, बोले- बाहर निकाल दूंगा… भिलाई-चरोदा निगम सभा में हंगामा

Bhilai News: भिलाई-चरोदा निगम की सामान्य सभा की बैठक गुरुवार को हंगामेदार रही। ट्रांसपोर्ट नगर के व्यावसायिक प्लॉट, 29 करोड़ के विकास कार्य और सांसद प्रतिनिधि बनाए जाने के मुद्दे पर महापौर, सभापति और पार्षदों के बीच तीखी बहस हुई। ‘
2 min read
Aug 14, 2026
Chhattisgarh News
‘दादागिरी’ शब्द पर भड़के सभापति (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Chhattisgarh News: भिलाई-चरोदा की सामान्य सभा की बैठक गुरुवार को हंगामेदार रही। ट्रांसपोर्ट नगर के व्यावसायिक प्लॉट, 29 करोड़ के विकास कार्यों और पार्षद पति को सांसद प्रतिनिधि बनाए जाने के मुद्दे पर महापौर, सभापति और पार्षदों के बीच तीखी बहस हुई। सभापति कृष्णा चंद्राकर की सख्ती के बाद कुछ समय के लिए सदन में सन्नाटा छा गया।

‘बहुमत से सबकुछ पास कर लो’

पार्षद तुलसी ध्रुव ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर के व्यावसायिक प्लाट अधिक दर पर जाना चाहिए था। महापौर खुद बोली किस आधार पर बोल रहे थे। इस पर सभापति ने कहा कि विषय सदन में बहुमत से हां या ना के लिए लाया गया है, इस पर राय नहीं दी जा सकती। पार्षद ध्रुव ने इसे दादागिरी बताया तो सभापति नाराज हो गए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की भाषा का उपयोग किया तो सदन से बाहर निकाल दिया जाएगा। इसके बाद भाजपा पार्षद खामोश हो गए। उपनेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अपनी बात रखने पर भी बाहर निकालोगे तो सभी को बाहर कर दो और बहुमत से सबकुछ पास कर लो।

पार्षद पति को प्रतिनिधि बनाने पर भी विवाद

महापौर निर्मल कोसरे ने कहा कि शासन से पत्र आया है कि पार्षद के पति या पत्नी को सांसद या विधायक प्रतिनिधि नहीं बनाया जा सकता। इस पर सांसद प्रतिनिधि विपिन चंद्राकर ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि महापौर विषय से बाहर जाकर बात कर रहे हैं और सभापति उन्हें क्यों नहीं रोक रहे। इस पर सभापति ने माइक बंद कराने और जरूरत पडऩे पर हाथ पकडक़र बाहर निकालने तक की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति कोई सदन में नहीं बोलेगा।

तय दर से चार गुना में बिके प्लॉट

महापौर ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर के प्लॉट निगम की तय दर से चार गुना अधिक कीमत पर बिके हैं। इससे निगम की आर्थिक स्थिति सुधारने में मदद मिलेगी। बावजूद विपक्ष सवाल खड़े कर रहा है।

29 करोड़ के कामों पर खींचतान

कांग्रेस पार्षद संतोष तिवारी ने जून में जारी ई-निविदा को 1 जुलाई को जमा होने के बाद भी नहीं खोलने पर सवाल उठाया। सभापति ने बताया कि कार्यपालन अभियंता छुट्टी पर हैं, उनके आने के बाद निविदा खोली जाएगी। पार्षदों ने सवाल किया कि एक अधिकारी के छुट्टी पर होने से काम क्यों रुकना चाहिए।

16 भाजपा पार्षदों के क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप

महापौर ने कहा कि 29 करोड़ के कामों को रोकने के लिए नेता प्रतिपक्ष सहित भाजपा पार्षदों ने पत्र दिया है। उपनेता प्रतिपक्ष ने इसका कारण पूछा। उन्होंने कहा कि नगरोत्थान योजना के 29 करोड़ में से 23 करोड़ कांग्रेस पार्षदों के वार्डों में और भाजपा के 16 पार्षदों के क्षेत्रों में सिर्फ छह करोड़ दिए गए हैं। महापौर ने कहा कि कार्यों की सूची अहिवारा विधायक की सहमति से दो मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक कर तैयार की गई है।

कांग्रेस पार्षदों ने निविदा उसी दिन खोलने की मांग की, लेकिन महापौर ने अगले दिन खोलने की बात कही। आयुक्त डीआर राजपूत ने भी सहमति जताई। बैठक दोपहर 1.30 बजे से शाम 5 बजे तक चली। नेता प्रतिपक्ष राम खिलावन वर्मा और फिरोज फारूखी बैठक में अनुपस्थित रहे।

Updated on:
14 Aug 2026 06:23 pm
Published on:
14 Aug 2026 06:23 pm