भिलाई

भिलाई छावनी थाने में हाई वोल्टेज ड्रामा, दो पक्षों के झगड़े में पुलिस से भी हुई धक्का-मुक्की, VIDEO वायरल

Chhawani Thana Viral Video: भिलाई के छावनी थाना में दो पक्षों के बीच समझौते के दौरान जमकर हंगामा हुआ। थाने के अंदर मारपीट, धक्का-मुक्की और वायरल VIDEO के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों पर FIR दर्ज की।

3 min read
May 21, 2026
भिलाई छावनी थाने में हाईवोल्टेज ड्रामा (photo source- Patrika)

Police Station Fight: छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित छावनी थाना में बुधवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब दो पक्षों के बीच चल रहा विवाद थाने के अंदर ही हिंसक हो गया। दोनों पक्ष पहले एक मारपीट के मामले में समझौते के लिए थाने पहुंचे थे, लेकिन बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि लोग आपस में भिड़ गए। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की हुई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ये भी पढ़ें

Chhattisgarh Crime: शराब के नशे में वकील का हाई-वोल्टेज ड्रामा, हथियार लहराने पर पुलिस ने किया गिरफ्तार

Police Station Fight: थाने के अंदर मचा बवाल, वीडियो हुआ वायरल

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि थाना परिसर के अंदर लोग एक-दूसरे से उलझ रहे हैं। कुछ लोग टेबल और कुर्सियों पर चढ़कर वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं, जबकि पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश करते दिख रहे हैं। इस घटना ने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

समझौते की कोशिश के दौरान बिगड़ा माहौल

जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्ष पहले से चल रहे एक मारपीट के मामले में समझौते के लिए थाने पहुंचे थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान बीजेपी मंडल उपाध्यक्ष गुरुचरण बग्गा द्वारा कथित गाली-गलौज किए जाने से विवाद और बढ़ गया। इसके बाद कैंप मंडल अध्यक्ष राजेश चौधरी और दूसरे पक्ष के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।

बीयर की बोतल टूटने से शुरू हुआ पूरा विवाद

पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले की शुरुआत 20 मई को हुई एक बर्थडे पार्टी से जुड़ी है। पहले पक्ष के दीपक पासी ने शिकायत में बताया कि वह अपने दोस्त मनीष देवांगन का जन्मदिन मनाने दोस्तों के साथ गया था। शाम करीब 5 बजे वह बीयर लेने गया था। लौटते समय उसकी बाइक फिसल गई और राजेश चौधरी के घर के सामने बीयर की बोतल टूट गई।

दीपक का आरोप है कि इसी बात को लेकर राजेश चौधरी और उनके भाई ने उससे गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर डंडे व लोहे की रॉड से मारपीट की। इस घटना में उसे और उसके दोस्त सुजीत गुप्ता को चोटें आईं।

दूसरे पक्ष ने भी लगाया हमला करने का आरोप

वहीं दूसरे पक्ष की ओर से बीजेपी नेता और पूर्व सैनिक राजेश चौधरी ने भी शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि पड़ोस में बर्थडे पार्टी के दौरान काफी शोर-शराबा हो रहा था। जब उन्होंने घर के सामने टूटी बीयर की बोतल हटाने को कहा, तो दीपक पासी ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

राजेश का आरोप है कि कुछ देर बाद दीपक अपने साथियों के साथ वापस आया और उन सभी ने मिलकर हमला किया। इस दौरान उनके भाई सुनील चौधरी और सन्नी चौधरी के साथ भी मारपीट की गई। साथ ही कार का कांच तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

Police Station Fight: CCTV में कैद हुई घटना

राजेश चौधरी ने बताया कि उनके घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। वीडियो फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। घटना के बाद दोनों पक्ष शिकायत दर्ज कराने और समझौते की कोशिश के लिए छावनी थाना पहुंचे थे। लेकिन यहां भी माहौल गर्म हो गया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। पुलिस को बीच-बचाव कर स्थिति संभालनी पड़ी।

पुलिस ने दर्ज की FIR, बलवा की धारा भी जोड़ी

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। दीपक पासी की शिकायत पर मामूली मारपीट और गाली-गलौज की धाराएं लगाई गई हैं, जबकि बीजेपी नेता की शिकायत पर युवकों के खिलाफ बलवा (दंगा) की धारा भी जोड़ी गई है। फिलहाल छत्तीसगढ़ पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Published on:
21 May 2026 01:30 pm
Also Read
View All