भिलाई

भिलाई के इस वार्ड में निर्दलीय ने बिगाड़े थे दोनों दलों के समीकरण, अब नए चेहरे पर दांव लगाने की तैयारी

Chhattisgarh Politics: भिलाई नगर निगम के मॉडल टाउन वार्ड-3 में पिछले चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी ने भाजपा-कांग्रेस को पीछे छोड़ जीत दर्ज की थी। अब आरक्षण के बाद दोनों दलों को नए जिताऊ चेहरे की तलाश है।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 12:43 PM IST
Bhilai Municipal Election
निर्दलीय ने पलटा था सियासी गणित (Photo Source- Patrika)

Bhilai Municipal Election: नगर निगम भिलाई के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आए मॉडल टाउन (वार्ड-3) के पहले ही चुनाव में मतदाताओं ने ऐसा जनादेश दिया था, जिसने दोनों प्रमुख राष्ट्रीय दलों के चुनावी समीकरणों को उलटकर रख दिया था। इस मुकाबले में न भाजपा का कमल चला और न कांग्रेस का पंजा। मतदाताओं ने पार्टी चिह्नों के बजाय व्यक्तिगत पहचान को तरजीह देते हुए निर्दलीय प्रत्याशी को अपना पार्षद चुना, वहीं दूसरे स्थान पर भी निर्दलीय उम्मीदवार ही रहे।

Independent Candidate: पुराने जनसंपर्क के दम पर निर्दलीय ने मारी थी बाजी

वर्ष 2020 में हुए परिसीमन में निगम के वार्डों की संख्या 57 से बढक़र 70 हुई, जिसमें मॉडल टाउन को अलग वार्ड-3 बनाया गया। इससे पहले यह इलाका वार्ड-1 का हिस्सा था, जहां से हरिओम तिवारी 2015 में भाजपा के टिकट पर पार्षद चुने गए थे। परिसीमन के बाद जब वे निर्दलीय मैदान में उतरे, तो क्षेत्रवासियों से उनके पुराने जुड़ाव ने उन्हें 1,164 वोटों के साथ जीत दिलाई। दिलचस्प बात यह रही कि कांग्रेस और भाजपा दोनों प्रत्याशियों के कुल वोट मिलाकर भी विजेता उम्मीदवार से कम रहे।

आरक्षण के बाद दलों के सामने परीक्षा

आगामी निगम चुनाव से पहले मॉडल टाउन वार्ड का सियासी समीकरण एक बार फिर बदलने जा रहा है। वार्ड के आरक्षण की जद में आने के कारण निवर्तमान पार्षद हरिओम तिवारी यहां से चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती एक ऐसे सर्वमान्य चेहरे को मैदान में उतारने की है, जिसकी वार्ड में व्यक्तिगत पकड़ हो। पिछले चुनाव के नतीजों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यहां केवल संगठन और पार्टी सिंबल के भरोसे वैतरणी पार करना आसान नहीं होगा। वार्ड में मतदाताओं का मिजाज हमेशा से व्यक्ति-केंद्रित रहा है।

बैठकों और समीकरणों का दौर

यहां विकास कार्यों के साथ-साथ पार्षद की उपलब्धता, व्यवहार और स्थानीय समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता को सबसे अधिक तवज्जो दी जाती है। यही कारण है कि दोनों दलों में टिकट के लिए कई नामों पर मंथन चल रहा है, लेकिन किसी एक नाम पर सहमति बनती नजर नहीं आ रही है। हरिओम के मैदान से बाहर होने के बाद उनके समर्थक वर्ग की भूमिका भी निर्णायक मानी जा रही है। माना जा रहा है कि जिस दल को इस वर्ग का साथ मिलेगा, उसका पलड़ा भारी रहेगा। फिलहाल वार्ड में चर्चा, बैठकों और समीकरणों का दौर तेज हो गया है।

Updated on:
18 Nov 2026, 12:43 PM IST
Published on: