भिलाई

सहेली बाथरूम में थी… इधर PG के कमरे में छात्रा की चाकू मारकर हत्या, भिलाई में दिनदहाड़े हुआ मर्डर

PG Student Murder in Bhilai: भिलाई के रामनगर स्थित पीजी में रह रही 20 वर्षीय छात्रा खुशी साहू की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वैशाली नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Jul 10, 2026
PG student murder in Bhilai
PG student murder in Bhilai, छात्रा खुशी साहू (Photo- Patrika)

PG Student Murder: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में शुक्रवार को एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। रामनगर स्थित एक पीजी में रहकर पढ़ाई कर रही 20 वर्षीय छात्रा खुशी साहू की अज्ञात हमलावर ने चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के समय उसकी सहेली बाथरूम में थी। बाहर आने पर उसने खुशी को खून से लथपथ हालत में देखा और तत्काल मकान मालिक को सूचना दी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वैशाली नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हर एंगल से पड़ताल की जा रही है।

Bhilai PG Murder: बेमेतरा से पढ़ाई के लिए आई थी भिलाई

मृतका की पहचान बेमेतरा निवासी खुशी साहू (20 वर्ष) के रूप में हुई है। वह भिलाई में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई के साथ-साथ वह वैशाली नगर स्थित फ्रेंड्स कैफे में भी काम करती थी। आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की कोशिश कर रही खुशी के साथ हुई इस वारदात ने उसके परिवार और परिचितों को गहरा सदमा पहुंचाया है।

सहेली नहाने गई, लौटी तो दिखा खौफनाक मंजर

जानकारी के अनुसार, खुशी अपनी एक सहेली के साथ पीजी में रहती थी। घटना के समय उसकी सहेली बाथरूम में नहा रही थी। इसी दौरान अज्ञात आरोपी कमरे में पहुंचा और खुशी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

कुछ देर बाद जब सहेली कमरे में लौटी तो खुशी को खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत मकान मालिक को सूचना दी। इसके बाद गंभीर हालत में खुशी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

प्रारंभिक जांच में छात्रा की हत्या धारदार चाकू से किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस छात्रा के दोस्तों, सहकर्मियों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

हत्या के कारणों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। व्यक्तिगत रंजिश, परिचित की भूमिका या अन्य किसी कारण से वारदात हुई है या नहीं, इसकी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

Updated on:
10 Jul 2026 09:01 pm
Published on:
10 Jul 2026 05:54 pm