
BSP Scrap Theft Case: भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करीब 250 टन लौह स्क्रैप चोरी के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा के वैशाली नगर मंडल के कोषाध्यक्ष और स्क्रैप कारोबारी भास्कर मुदलियार उर्फ बाचू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। गिरफ्तारी के कुछ घंटों के भीतर ही भाजपा ने भी सख्त रुख अपनाते हुए मुदलियार को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, भास्कर मुदलियार स्क्रैप चोरी के पूरे नेटवर्क की एक अहम कड़ी था। आरोप है कि वह स्क्रैप कारोबार की आड़ में बीएसपी से चोरी हुआ लोहा खरीदकर उसे आगे विभिन्न कंपनियों तक पहुंचाता था। मामले की शुरुआती जांच से ही उसका नाम सामने आया था, लेकिन पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
जांच के दौरान हथखोज स्थित जिस गोदाम पर पुलिस ने छापा मारकर बीएसपी का चोरी हुआ लौह स्क्रैप बरामद किया था, वहां भास्कर मुदलियार का ट्रक भी मिला था। इसके अलावा मामले के मुख्य आरोपी संजय सिंह और आरोपी आकाश ने भी अपने मेमोरेंडम बयान में मुदलियार का नाम लिया था। इसके बावजूद उसकी गिरफ्तारी में कुछ समय लगने से पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठे थे। शनिवार सुबह भिलाई-3 थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने उसके घर के पास से उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी संजय सिंह और आकाश ने बताया कि भास्कर मुदलियार चोरी का लौह स्क्रैप 34 से 38 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदता था। शुरुआती दौर में चोरी का माल कुछ कथाड़ियों और कुछ भास्कर को बेचा जाता था, लेकिन बाद में बड़ी मात्रा में पूरा स्क्रैप उसी के पास जाने लगा। जांच में जामुल स्थित उसकी स्क्रैप ट्रेडिंग कंपनी और गोदाम की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस का दावा है कि वहीं से चोरी के स्क्रैप की आगे सप्लाई की जाती थी।
पुलिस का दावा है कि मुदलियार स्क्रैप कारोबार की आड़ में चोरी का लोहा रायपुर की एक बड़ी कंपनी तक पहुंचाता था। जांच एजेंसियों को आशंका है कि चोरी का स्क्रैप दूसरे राज्यों में भी खपाया गया हो सकता है। इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए पुलिस अब वित्तीय लेन-देन, परिवहन और खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी संजय सिंह समेत अब तक 16 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। भास्कर मुदलियार 17वां आरोपी है। उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद गिरफ्तारी की गई। जांच में यह भी सामने आया है कि चोरी के लौह स्क्रैप के परिवहन के लिए मुदलियार की गाड़ियों का इस्तेमाल किया जाता था।
भास्कर मुदलियार की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई। शहर में कई स्थानों पर उसके राजनीतिक पोस्टर लगे होने के कारण मामला और सुर्खियों में आ गया। देर रात भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए मुदलियार को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने का आदेश जारी कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और स्क्रैप चोरी के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।