
लोहा चोरी में BJP नेता भास्कर मुदलियार गिरफ्तार (photo source- Patrika)
BJP Leader Arrested: भिलाई स्टील प्लांट से 250 टन लौह स्क्रैप चोरी के मामले में भाजपा नेता भास्कर मुदलियार उर्फ बाचू की गिरफ्तारी से शहर की राजनीति गरमा गई। पुलिस ने उसे गिफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मुदलियार वैशाली नगर मंडल भाजपा का कोषाध्यक्ष था। भिलाई तीन थाना पुलिस ने बताया कि शनिवार को सुबह 11 बजे एसीसीयू टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई।
आरोपी वैशाली नगर निवासी भास्कर मुदलियार उर्फ बाचू के घर में दबिश दी। वह घर के बाहर से निकल रहा था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बीएसपी से चोरी हुए लौह स्क्रैप को खरीदना और बिक्री करना स्वीकार किया।
आरोपी भास्कर मुदलियार खुद को विधायक रिकेश सेन का कट्टर समर्थक बताता था। उसने शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर विधायक के जन्मदिन की बधाई का बैनर भी लगाया था। जैसे ही भास्कर मुदलियार की लोहा चोरी के मामले में गिरफ्तारी हुई, विधायक सेन ने तत्काल सोशल मीडिया में पोस्ट किया कि कुछ अपराधियों ने भी पोस्टर लगा दिए है। उसकी चेतावनी केबाद बैनर पोस्टर हटा दिए गए। विपक्ष ने सोशल मीडिया पर जमकर राजनीति की।
Vaishali Nagar BJP Mandal: लोहा चोरी मामले में गिरफ्तार होते ही भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने वैशाली नगर मंडल कोषाध्यक्ष भास्कर मुदलियार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन द्वारा जारी सूचना के अनुसार प्रदेश संगठन के निर्देश एवं जिला संगठन प्रभारी रामजी भारती की सहमति से यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई। आदेश मेें स्पष्ट किया है कि निष्कासन आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
बीएसपी लौह स्क्रैप चोरी के मामले में एक आरोपी को फिर गिरफ्तार किया गया है। आरोपी चोरी का लोहा खरीद कर बिक्री करता था। उसकी विस्तृत जानकारी रविवार को दी जाएगी— शोभराज अग्रवाल, एएसपी दुर्ग
भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करीब 250 टन लौह स्क्रैप चोरी का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने व्यापक जांच शुरू की थी। जांच के दौरान चोरी के स्क्रैप की खरीद-बिक्री से जुड़े कई लोगों के नाम सामने आए और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई।
Updated on:
02 Aug 2026 09:50 am
Published on:
02 Aug 2026 09:50 am
