भिलाई

CG Political News: भूपेश बघेल के कथित AI वीडियो पर कांग्रेस भड़की, कहा- चरित्र हनन की साजिश, FIR की मांग तेज

Political News: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कथित फेक एआई वीडियो को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासी माहौल गरमा गया है। वीडियो को आपत्तिजनक और भ्रामक बताते हुए कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है और इसे सुनियोजित चरित्र हनन की साजिश बताया है।

2 min read
Apr 27, 2026
Former CM Bhupesh Baghel
Former CM Bhupesh Baghel PC (Photo- Patrika)

CG Political News: फेक एवं आपत्तिजनक एआई जनरेटेड वीडियो को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग (ग्रामीण) जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल और भिलाई नगर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल से मुलाकात कर तत्काल एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक अग्रवाल ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को दो दिन में कार्यवाही का आश्वासन दिया है।

प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि इंस्टाग्राम पर ‘कांग्रेस पोल खोल’ एवं ‘रैंडम छत्तीसगढ़’ आईडी के माध्यम से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से भ्रामक, असत्य एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जा रही है।

फेक एआई वीडियो पर कांग्रेस का आक्रोश

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने इस हरकत को व्यक्तिगत चरित्र हनन का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि यह समाज में वैमनस्य फैलाने और राजनीतिक वातावरण को विषाक्त करने की साजिश है। इस प्रकार की हरकतों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। कांग्रेस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

भविष्य में ऐसे एआई जनरेटेड दुष्प्रचार पर रोक लगाने हेतु ठोस कदम उठाने पर भी जोर दिया गया। ठाकुर ने चेतावनी दी, शीघ्र कार्रवाई न हुई तो जनआंदोलन होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने दो दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिससे कांग्रेसी शांत हुए।

बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे

इस दौरान पूर्व विधायक अरुण वोरा, धर्मेंद्र यादव, नीरज पॉल, आरएन वर्मा, कृष्णा चंद्राकर, संजय कोहले, राजेश साहू, सीजू एंथोनी, कैलाश नाहटा, देवेंद्र देशमुख, संतोष बाफना, ओमप्रकाश जोशी, राहुल शर्मा, देव सिन्हा, विमल यादव, बृजमोहन तिवारी, द्वारिका साहू, सुरता सिंह गढ़े, पालेश्वर ठाकुर, लोचन यादव, मोहित वालदे, जय प्रकाश साहू, अभिषेक जांगड़े, सुमित नारंग, शिशिरकांत कसार, सुनीत घोष, रितेश बंजारे, प्रमोद यादव, संदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।

Published on:
27 Apr 2026 08:16 pm