भिलाई

Political News: भिलाई में ‘चोर’ बयान से मचा सियासी बवाल, नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ FIR की मांग, जानें क्या है पूरा मामला

Political News: नेता प्रतिपक्ष द्वारा महापौर के लिए कथित तौर पर ‘चोर’ शब्द के इस्तेमाल पर कांग्रेस पार्षदों ने कड़ा विरोध जताते हुए खुर्सीपार थाने में शिकायत दर्ज कराई है और उनके खिलाफ एफआईआर की मांग की है।
2 min read
May 06, 2026
नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ FIR की मांग (फोटो सोर्स- पत्रिका)
नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ FIR की मांग (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Political News: नगर निगम, भिलाई मुख्यालय के सामने नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा द्वारा महापौर नीरज पाल को सार्वजनिक मंच से कथित चोर कहने पर विवाद गहरा गया है। इस संबंध में जोन 4, शिवाजी नगर के अध्यक्ष भूपेंद्र यादव ने कांग्रेसी पार्षदों के साथ खुर्सीपार थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत दर्ज कराते समय पार्षद के जगदीश राव, एम लक्ष्मी, डी सुजाता, रीता सिंह गेरा और शुभम झा भी मौजूद थे।

भूपेंद्र यादव ने अपनी शिकायत में कहा कि सोमवार को एक प्रदर्शन के दौरान भोजराज सिन्हा ने महापौर के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया, जिससे उनकी और पद की गरिमा को ठेस पहुंची है।

नेता प्रतिपक्ष ने दी सफाई

इस मामले में नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने अपने बयान का बचाव करते हुए कहा कि उनका तात्पर्य किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि शहर सरकार द्वारा जनता से अवैध वसूली से था। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की जनता से प्रॉपर्टी टैक्स में दो प्रकार का अधिभार, नल के पानी का बिल 60 से बढ़ाकर 200 रुपए, और यूजर चार्ज के नाम पर करीब 7 करोड़ रुपए का अतिरिक्त पैनल चार्ज वसूला जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भागीरथ नलजल योजना के तहत तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय के नेतृत्व में नल लगाए गए थे, जिसके लिए 60 रुपए प्रति माह तय था, जिसे अब 200 रुपए लिया जा रहा है। भोजराज सिन्हा ने यह भी दावा किया कि निगम का एक भी स्कूल न होने के बावजूद 4 प्रतिशत शिक्षा कर वसूला जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर सरकार जनता से अवैध तरीके से 20 करोड़ रुपए से अधिक वसूल रही है, जो चोरी नहीं, बल्कि शहरवासियों के साथ ‘डाका डालने’ जैसा है।

इससे संबंधित खबरें पढ़े

भूपेश बघेल के कथित AI वीडियो पर कांग्रेस भड़की, कहा- चरित्र हनन की साजिश, FIR की मांग तेज- फेक एवं आपत्तिजनक एआई जनरेटेड वीडियो को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग (ग्रामीण) जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल और भिलाई नगर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल से मुलाकात कर तत्काल एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की… पूरी खबर पढ़े

कौशल्या भाभी को CM बना दीजिए, महिला आरक्षण पर भूपेश बघेल का तंज, विशेष सत्र की तैयारी- नारी शक्ति वंदन विधेयक को लेकर प्रदेश में सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। इस मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस दोनों आक्रामक दिखाई दे रही है। एक-दूसरे पर सियासी आरोप लगाने से भी नहीं चूक रहे हैं। इसे लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बड़ा बयान सामने आया है… पूरी खबर पढ़े

Updated on:
06 May 2026 08:03 pm
Published on:
06 May 2026 08:03 pm