भीलवाड़ा

भीलवाड़ा की सड़कों पर नए साल से दौड़ेंगी 50 इलेक्ट्रिक बसें, इन रूटों पर गांव से शहर तक मिलेगा आरामदायक सफर

Electric Bus: भीलवाड़ा जिले में नए साल से सार्वजनिक परिवहन हाईटेक होने जा रहा है। नगर निगम जनवरी 2026 में शहर से लेकर आसपास के गांवों तक 50 इलेक्ट्रिक बसें शुरू करने की तैयारी में है।
2 min read
Dec 04, 2025
Bhilwara Electric Bus
Bhilwara Electric Bus (Patrika File Photo)

Bhilwara Electric Bus: भीलवाड़ा: नगर निगम ने हाईटेक सफाई व्यवस्था नए साल में शुरू करने के साथ ही शहर से गांव तक इलेक्ट्रिक बसें दौड़ाने की तैयारी कर ली है। ये बसें नीले रंग की होंगी। साथ ही इनमें एसी और सीसीटीवी कैमरे लगे होंगे।

निगम की यह दोनों बहुप्रतिक्षित योजना जनवरी 2026 में शुरू होने की संभावना है। बसों के रूट का सर्वे जिला परिवहन विभाग ने शुरू कर दिया है। भीलवाड़ा शहर के विस्तार एवं बढ़ती आबादी को लेकर जिला प्रशासन ने नगर निगम की मदद से शहर में इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी शुरू कर दी है।

बसों के संचालन के लिए शहर में रिंग रोड पर भाजपा कार्यालय के निकट एवं टंकी के बालाजी के सामने करीब 11 करोड़ की लागत से ई-बस डिपो का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक बस योजना के तहत भी 50 इलेक्ट्रिक बसें मिल रही हैं। यहां डिपो पर ई-चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा।

डीटीओ को सर्वे के लिए सौंपा

अधिशासी अभियंता पूजा गोयल की टीम संपूर्ण व्यवस्थाओं को संभाले हुए हैं। सभी बसों का टेस्ट होगा, सबसे पहले एक बस डेमो के लिए चलाई जाएगी। सभी रूट क्लीयर हो चुके हैं। बस डिपो के लिए नगर विकास न्यास ने 16,742 वर्ग मीटर जमीन दी है।

180 से 200 किलोमीटर तक चलेंगी बसें

नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने बताया कि शहरी बाशिंदों को शहर के साथ ही आसपास के गांवों में जाने के लिए निगम ई-बस सेवा का संचालन कर रहा है। बसों का किराया सामान्य रहेगा। बसें प्रतिदिन 180 से दो सौ किलोमीटर तक चलेंगी।

यहां से यहां तक चलेंगी ई-बसें

  • कोटड़ी → नेहरू नगर
  • नेहरू नगर → खोलपुरा
  • खोलपुरा → रीट चौराहा
  • रीट चौराहा → कोदिया
  • कोदिया → हाथीभाटा
  • हाथीभाटा → सातोला खेड़ा
  • सातोला खेड़ा → कोदू कोटा
  • कोदू कोटा → अगरपुरा चौराहा
  • अगरपुरा चौराहा → पंचायत समिति कार्यालय सुवाणा
  • पंचायत समिति कार्यालय सुवाणा → ईरास चौराहा
  • ईरास चौराहा → केंद्रीय विद्यालय
  • केंद्रीय विद्यालय → अहिंसा सर्किल
  • अहिंसा सर्किल → सांगानेरी गेट
  • सांगानेरी गेट → मोती बावजी चौराहा
  • मोती बावजी चौराहा → राजीव गांधी ऑडिटोरियम
  • राजीव गांधी ऑडिटोरियम → केशव हॉस्पिटल
  • केशव हॉस्पिटल → टंकी के बालाजी

शहर से ग्रामीण क्षेत्र के लिए 50 ई-बस सेवा का संचालन जनवरी 2026 में शुरू किया जाएगा। रूट तय हो चुके, ई-स्टेशन का कार्य भी अंतिम चरण में है। सिविल कार्य रूडसिको के माध्यम से किया जा रहा।
जसमीत सिंह संधू, जिला कलक्टर, भीलवाड़ा

18 रूट पर सर्वे के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। यह सर्वे रिपोर्ट जयपुर मुख्यालय को भेजी जाएगी, मुख्यालय से ही रूट को हरी झंडी मिल सकेगी।
-आरके चौधरी, जिला परिवहन अधिकारी, भीलवाड़ा

Published on:
04 Dec 2025 02:44 pm