
Bhilwara Mayor-Deputy Mayor Election Result: भीलवाड़ा नगर निगम के इतिहास में मंगलवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। नगर निगम में पहली बार महापौर और उप महापौर दोनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। भाजपा की जसवंत कंवर के निर्विरोध महापौर निर्वाचित होने के बाद अब भाजपा के राधेश्याम सोमानी भी निर्विरोध उप महापौर चुने गए हैं। उप महापौर पद के लिए मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला निर्वाचन विभाग ने दोपहर 2 बजे सोमानी के निर्विरोध निर्वाचन की अधिकृत घोषणा की।
भीलवाड़ा नगर निगम के उप महापौर पद के लिए मंगलवार सुबह नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। निर्धारित समय सुबह 11 बजे तक भाजपा की ओर से वार्ड 16 के पार्षद राधेश्याम सोमानी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके अलावा कांग्रेस या किसी निर्दलीय पार्षद की ओर से उप महापौर पद के लिए कोई नामांकन प्रस्तुत नहीं किया गया।
नामांकन की समय सीमा समाप्त होने के बाद सोमानी का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा था। निर्वाचन विभाग की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोपहर 2 बजे उनकी निर्विरोध जीत की आधिकारिक घोषणा की गई। इसके साथ ही भीलवाड़ा नगर निगम में भाजपा का महापौर और उप महापौर दोनों पदों पर कब्जा हो गया।
राधेश्याम सोमानी के नामांकन के दौरान नवनिर्वाचित महापौर जसवंत कंवर के अलावा सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, भगवान सिंह राठौड़ समेत भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और नेता मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया।
इससे पहले भीलवाड़ा नगर निगम के महापौर पद पर भाजपा की जसवंत कंवर निर्विरोध निर्वाचित हुई थीं। उन्होंने निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। चुनाव में उन्होंने खुशबू शर्मा को 2165 वोटों से हराया था। महापौर बनने के बाद जसवंत कंवर ने महिला सशक्तिकरण को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करने की बात कही थी।
उन्होंने कहा था कि वह केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को शहरी क्षेत्र में प्रभावी तरीके से लागू कराने पर काम करेंगी, ताकि अंतिम पंक्ति में बैठी महिलाओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
जसवंत कंवर का जन्म भीलवाड़ा जिले के आसींद विधानसभा क्षेत्र के लाछूड़ा गांव में हुआ है और उनका ससुराल भी भीलवाड़ा में है। उन्होंने बीए पॉलिटिक्स और एमए हिस्ट्री की पढ़ाई की है। नगर निगम चुनाव में उन्होंने वार्ड 9 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में जीत हासिल की और इसके बाद निर्विरोध महापौर निर्वाचित हुईं।
राधेश्याम सोमानी भीलवाड़ा नगर निगम के वार्ड 16 से भाजपा के पार्षद हैं। 58 वर्षीय सोमानी ने नगर निगम चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी देवीलाल को 412 वोटों से हराया था। उन्होंने बी.कॉम तक शिक्षा हासिल की है और पेशे से व्यापारी हैं। सोमानी दूसरी बार पार्षद बने हैं। चुनावी हलफनामे के अनुसार उनकी संपत्ति करीब 3.35 करोड़ रुपए है।
इस तरह भीलवाड़ा नगर निगम में पहली बार महापौर और उप महापौर दोनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। दोनों पद भाजपा के खाते में जाने के बाद अब निगम के कामकाज और शहर के विकास को लेकर नई टीम की भूमिका पर नजर रहेगी।