भीलवाड़ा

5 शादी से बदलेगी किस्मत! तांत्रिक के बहकावे में पति बना हैवान; पहली पत्नी ने की आत्महत्या, दूसरी को छोड़ा, अब तीसरी को घर से निकाला

Rajasthan Crime News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में एक युवक पर तीसरी पत्नी को प्रताड़ित कर घर से निकालने का आरोप लगा है। महिला का दावा है कि पति तांत्रिकों के बहकावे में आकर उसे परेशान कर रहा था। जानिए पूरा माजरा।
2 min read
Mar 16, 2026
Feature image
फोटो- AI

Rajasthan Crime News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के आसींद कस्बे में एक युवक पर अपनी तीसरी पत्नी को प्रताड़ित कर घर से निकालने का आरोप लगा है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति दिलखुश बुरड़ का व्यवहार शादी के कुछ समय बाद बदल गया था। आरोप है कि पति तांत्रिकों के संपर्क में आने के बाद उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने लगा।

तांत्रिक के कहने पर पांच शादी करने की बात

महिला का आरोप है कि तांत्रिकों ने उसके पति को यह विश्वास दिलाया कि पांच शादियां करने से उसकी किस्मत बदल जाएगी और उसे सुख-संपत्ति मिलेगी। इसके बाद पति ने उसे लगातार परेशान करना शुरू कर दिया। पीड़िता के अनुसार पति आए दिन मारपीट करता था और आखिरकार उसे घर से निकाल दिया गया।

पैसों की मांग और गंभीर आरोप

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पति ने उससे करीब 10 लाख रुपये की मांग की। इसके साथ ही उस पर पति के रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ संबंध बनाने का दबाव भी डाला गया। महिला का कहना है कि विरोध करने पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उसे घर छोड़ने के लिए मजबूर किया गया।

पहले की दो शादियों को लेकर भी सवाल

पीड़िता के अनुसार उसके पति की पहले भी दो शादियां हो चुकी हैं। पहली पत्नी दीपिका ने कथित रूप से प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी। दूसरी पत्नी इंदिरा को भी बाद में छोड़ दिया गया। महिला का आरोप है कि पति अब भी तांत्रिकों के प्रभाव में आकर ऐसा व्यवहार कर रहा है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पीड़िता की शिकायत के आधार पर आसींद थाने में पति दिलखुश बुरड़ सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सीआई श्रद्धा पचौरी को सौंपी गई है।

Published on:
16 Mar 2026 06:58 pm