
Pali News: राजस्थान के पाली जिले के खैरवा गांव में एक अनोखी घटना सामने आई। गांव के किसान घीसाराम घांची के घर में चोरी के डर से उनकी पत्नी ने सोने-चांदी के गहनों को एक टिफिन में भरकर गेहूं के कट्टे के बीच रख दिया था। घीसाराम को इस बात की जानकारी नहीं थी कि अनाज के बीच परिवार के कीमती जेवर भी रखे हुए हैं।
करीब 15 दिन पहले जब किसान ने घर का अनाज बेचने का फैसला किया, तो उसने 50-50 किलो के दो कट्टे स्थानीय किराना व्यापारी मांगू खान को दे दिए। किसान को लगा कि उसने केवल गेहूं बेचा है, लेकिन अनजाने में जेवरों से भरा टिफिन भी उसी कट्टे के साथ व्यापारी के पास पहुंच गया।
15 मार्च की सुबह जब मांगू खान ने घर में आटा पिसवाने के लिए गेहूं का कट्टा खोला, तो अनाज के साथ एक भारी टिफिन नीचे गिरा। जब टिफिन खोला गया तो उसमें सोने के हार, चूड़ियां और चांदी के गहने भरे हुए थे। इन गहनों की कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई जा रही है।
टिफिन मिलने के बाद मांगू खान ने तुरंत किसान घीसाराम को फोन किया और कहा कि गेहूं में कुछ समस्या है, इसलिए दुकान पर आ जाएं। जब किसान वहां पहुंचा तो ग्रामीणों की मौजूदगी में व्यापारी ने जेवरों से भरा टिफिन उसके हाथ में सौंप दिया। अचानक गहने वापस मिलने पर किसान भावुक हो गया और बताया कि ये गहने उसकी बेटियों के लिए रखे गए थे।
इस घटना के बाद गांव में मांगू खान की ईमानदारी की काफी सराहना हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना दिखाती है कि इंसानियत और ईमानदारी आज भी समाज में जिंदा है।
Updated on:
16 Mar 2026 03:50 pm
Published on:
16 Mar 2026 03:50 pm
