भीलवाड़ा

भीलवाड़ा की 3 पंचायत समितियों में सिमटी BJP, 2 जगह निर्दलीय किंगमेकर; भाजपा के 5 MLA-जिलाध्यक्ष अपने क्षेत्रों में नहीं दिला पाए जीत

भीलवाड़ा पंचायत चुनाव में भाजपा को करारी शिकस्त मिली। जिला परिषद की 45 में से 31 सीटें कांग्रेस ने जीतीं। 16 पंचायत समितियों में से 11 में कांग्रेस और 3 में भाजपा को बहुमत मिला। दो जगह पेच फंसा है।
6 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 2:55 PM IST
bhilwara panchayat election result 2026
Bhilwara Panchayat Election Result 2026 (Patrika Photo)

Bhilwara Panchayat Election Result 2026: भीलवाड़ा शहरी निकाय चुनावों में जीत का परचम लहराने वाली सत्ताधारी भाजपा को पंचायती राज चुनावों में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। जिले के बदले हुए ग्रामीण राजनीतिक समीकरणों ने भाजपा का गणित बिगाड़ दिया है। वहीं, कांग्रेस दस साल के लंबे अंतराल के बाद पूर्ण बहुमत के साथ अपना जिला प्रमुख बनाने की स्थिति में पहुंच गई है। सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित जिला प्रमुख की कुर्सी पर कांग्रेस ने जिला परिषद के 45 में से 31 वार्डों में जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा महज 14 सीटों पर सिमट गई।

भीलवाड़ा जिले की 16 पंचायत समितियों के कुल 288 वार्डों में से कांग्रेस ने 168 सीटों पर जीत हासिल कर 11 पंचायत समितियों में अपना बोर्ड बनाने की स्थिति मजबूत कर ली है। इसके विपरीत भाजपा 108 सीटों पर सिमट गई और केवल तीन पंचायत समितियों में बहुमत हासिल कर सकी।

इन चुनावी नतीजों ने शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल और सहाड़ा विधायक लादूलाल पीपलिया सहित भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा की राजनीतिक साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ये नेता अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं दिला सके। हालांकि, आसींद विधायक जब्बर सिंह सांखला के क्षेत्र में भाजपा मजबूत रही। पूरे चुनाव में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक धीरज गुर्जर और पूर्व मंत्री रामलाल जाट की सक्रियता का सीधा लाभ कांग्रेस को मिला। दूसरी ओर, भाजपा के कई दिग्गज अपने समर्थकों की सीटें भी नहीं बचा सके।

11 पंचायत समितियों में कांग्रेस की एकतरफा बढ़त

मतगणना के बाद स्पष्ट हो गया कि ग्रामीण मतदाताओं ने इस बार कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया है। सुवाणा पंचायत समिति के 27 वार्डों में से कांग्रेस ने 19 पर कब्जा जमाया, जबकि भाजपा को आठ सीटों से संतोष करना पड़ा। मांडल की 21 सीटों में से कांग्रेस ने 15 और भाजपा ने छह सीटें जीतीं। शाहपुरा के 15 वार्डों में कांग्रेस ने 11 और भाजपा ने चार सीटों पर जीत दर्ज की। खजूरी में भी 15 में से 10 सीटें कांग्रेस के खाते में गईं, जबकि भाजपा को पांच सीटें मिलीं। बनेड़ा और करेड़ा पंचायत समितियों के 17-17 वार्डों में से कांग्रेस ने 12-12 सीटों पर जीत हासिल की। भाजपा दोनों जगह पांच-पांच सीटों पर सिमट गई।

मांडलगढ़ के 21 वार्डों में कांग्रेस को 12, भाजपा को आठ और एक सीट अन्य के खाते में गई। जहाजपुर की 17 सीटों में कांग्रेस ने 10, भाजपा ने पांच और निर्दलीय प्रत्याशियों ने दो सीटें जीतीं। फूलियाकलां की 15 सीटों में से कांग्रेस ने 10, भाजपा ने चार और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) ने एक सीट पर जीत हासिल की। हुरड़ा के 17 वार्डों में कांग्रेस को 10, भाजपा को चार, निर्दलीय प्रत्याशियों को दो और रालोपा को एक सीट मिली। वहीं, रायपुर की 15 सीटों में कांग्रेस ने आठ सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। यहां भाजपा को छह और निर्दलीय प्रत्याशी को एक सीट मिली।

भाजपा के खाते में सिर्फ तीन गढ़, दो जगह फंसा पेच

पंचायत समिति चुनावों में जिले के अधिकांश हिस्सों में हार का सामना करने वाली भाजपा केवल कोटड़ी, सहाड़ा और आसींद में बहुमत हासिल कर सकी। कोटड़ी के 27 वार्डों में भाजपा ने 16 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जबकि कांग्रेस को 11 सीटें मिलीं। सहाड़ा की 19 सीटों में भाजपा ने 10 और कांग्रेस ने नौ सीटों पर जीत दर्ज की। आसींद के 15 वार्डों में भाजपा नौ सीटों के साथ बोर्ड बनाने की स्थिति में है, जबकि कांग्रेस को चार और निर्दलीय प्रत्याशियों को दो सीटें मिली हैं।

दूसरी ओर, बिजौलियां और शंभूगढ़ पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक समीकरण रोचक हो गए हैं। बिजौलियां के 15 वार्डों में कांग्रेस ने आठ और भाजपा ने सात सीटें जीती हैं। हालांकि, प्रधान पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने के कारण यहां बहुमत के बावजूद कांग्रेस के सामने चुनौती खड़ी हो गई है। शंभूगढ़ के 15 वार्डों में कांग्रेस को सात, भाजपा को छह और निर्दलीय प्रत्याशियों को दो सीटें मिली हैं। ऐसे में यहां निर्दलीय प्रत्याशी किंगमेकर की भूमिका निभा सकते हैं।

बिजौलियां में कांग्रेस को बहुमत, लेकिन भाजपा का प्रधान बनने की संभावना

बिजौलियां पंचायत समिति में प्रधान पद को लेकर अनोखी राजनीतिक स्थिति बन गई है। चुनाव परिणामों के अनुसार कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है, लेकिन अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित प्रधान पद की कुर्सी भाजपा के खाते में जाने की प्रबल संभावना है। पंचायत समिति के कुल 15 वार्डों में से कांग्रेस ने आठ और भाजपा ने सात सीटें जीती हैं। संख्या बल के हिसाब से कांग्रेस बहुमत में है, लेकिन प्रधान पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने से समीकरण बदल गए हैं।

कांग्रेस के विजयी प्रत्याशियों में अनुसूचित जाति वर्ग का कोई सदस्य नहीं है। वहीं, भाजपा के इस वर्ग से दो प्रत्याशी चुनाव जीते हैं। इनमें शिवराज सोयल सलावटिया क्षेत्र से और उनकी पत्नी संपत देवी चांदजी की खेड़ी क्षेत्र से विजयी हुई हैं। दोनों पति-पत्नी अलग-अलग वार्डों का प्रतिनिधित्व करेंगे। ऐसे में प्रधान पद पर भाजपा का कब्जा होने की संभावना जताई जा रही है, जबकि उपप्रधान पद पर कांग्रेस का प्रत्याशी चुना जा सकता है। इस अप्रत्याशित राजनीतिक समीकरण की पूरे क्षेत्र में चर्चा है।

पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर की पत्नी हारीं

चुनावी उलटफेर के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर की पत्नी सरोज गुर्जर को जिला परिषद के वार्ड संख्या 29 से हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा भाजपा नेता एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य रूपलाल जाट भी चुनाव हार गए। इन परिणामों ने भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं की राजनीतिक पकड़ पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

धीरज गुर्जर को दोहरी खुशी

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक धीरज गुर्जर के लिए पंचायत चुनाव के परिणाम दोहरी खुशी लेकर आए। कांग्रेस आलाकमान ने हाल ही में उन्हें जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के सहप्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, उनकी माता एवं पूर्व प्रधान सीता देवी ने पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की।

कई नए प्रत्याशियों ने मारी बाजी

जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के नतीजों ने जिले की राजनीति में कई रोचक मोड़ ला दिए। जहां कई दिग्गज नेताओं के समर्थक प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम रखा, वहीं कुछ बड़े राजनीतिक चेहरों को हार का सामना करना पड़ा। लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए जिला क्रिकेट संघ अध्यक्ष रामपाल शर्मा के पुत्र राहुल दाधीच ने वार्ड संख्या 33 से जीत हासिल की।

इसी तरह सरपंच संघ अध्यक्ष एवं भाजपा नेता शक्ति सिंह की पत्नी तारा कंवर वार्ड संख्या 13 से विजयी रहीं। भाजपा नेता अविनाश जीनगर ने वार्ड संख्या 20 पर जीत दर्ज की। कांग्रेस के खेमे से प्रमुख खनिज उद्यमी कैलाश मीणा ने वार्ड संख्या 44 से जीत हासिल की।

पंचायत समितियों के पुनर्गठन से बदला राजनीतिक गणित

जिले में पंचायत समितियों के पुनर्गठन के बाद राजनीतिक समीकरण भी बदल गए हैं। पहले जिले में 14 पंचायत समितियां थीं। तीन नई पंचायत समितियां बनने से इनकी संख्या बढ़कर 17 हो गई थी, लेकिन बदनोर पंचायत समिति के ब्यावर जिले में शामिल होने के बाद भीलवाड़ा में 16 पंचायत समितियां रह गईं। पिछले चुनावों में भाजपा ने 14 में से सात पंचायत समितियों में अपने प्रधान बनाए थे। नए परिसीमन और बदले हुए भौगोलिक समीकरणों ने इस बार चुनावी तस्वीर बदल दी है।

राजनीतिक विश्लेषकों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नए परिसीमन के आधार पर शुरुआती आकलन में भाजपा को चार प्रमुख सीटों का संभावित नुकसान होता दिखाई दे रहा था। वहीं, नए समीकरणों में कांग्रेस की स्थिति पहले के मुकाबले मजबूत मानी जा रही थी।

अब बाड़ाबंदी और जोड़तोड़ का दौर तेज

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद जिले की राजनीति में अब सत्ता के प्रमुख पदों को लेकर हलचल तेज हो गई है। मतगणना पूरी हो चुकी है, लेकिन जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उपप्रधान की कुर्सियों के लिए राजनीतिक रणनीति बनाई जा रही है। जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर और उप जिला प्रमुख का चुनाव 26 नवंबर को होगा। इसके बाद 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उपप्रधान के लिए मतदान होगा।

इन चार तारीखों पर दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों की असली परीक्षा होगी। भाजपा उन पंचायत समितियों में भी बाजी पलटने की रणनीति पर काम कर रही है, जहां चुनाव परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे। इसके लिए विजयी सदस्यों की बाड़ाबंदी और राजनीतिक जोड़तोड़ तेज हो गई है। पार्टी नेतृत्व ने पेच फंसी सीटों पर समीकरण साधने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

दूसरी ओर, भितरघात और क्रॉस वोटिंग की आशंका को देखते हुए कांग्रेस भी सतर्क है। पार्टी अपने विजयी सदस्यों को एकजुट रखने की रणनीति पर काम कर रही है। जहां कांग्रेस बहुमत से पीछे है, वहां निर्दलीय सदस्यों के समर्थन से प्रधान पद हासिल करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

पूर्व मंत्री रामलाल जाट ने चुनाव परिणामों पर जिले की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी की रीति-नीति जनता तक पहुंचाई। जनता ने भाजपा के भ्रष्टाचार और तानाशाही का जवाब दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अहंकार में डूबी हुई है। महंगाई और मनरेगा जैसे मुद्दों को लेकर भी उन्होंने भाजपा सरकार को घेरा। जाट ने कहा कि पंचायत चुनाव में जनता ने कांग्रेस को भरपूर आशीर्वाद दिया है।

हार के कारणों की समीक्षा करेगी भाजपा

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कहा कि चुनाव परिणाम लोकतांत्रिक प्रक्रिया का स्वाभाविक हिस्सा हैं। पार्टी का जनसेवा का संकल्प किसी भी चुनाव या परिणाम से ऊपर है। उन्होंने कहा कि भाजपा हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी है और आगे भी पूरी प्रतिबद्धता से जनहित के लिए काम करती रहेगी। चुनाव में हार के कारणों की समीक्षा कर कमियों को दूर किया जाएगा।

Also Read
View All