स्थाई लोक अदालत ने फ्यूचर मेकर लाइफ केयर प्रा.लि. के खाते पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाने के बैंक को आदेश दिए
भीलवाड़ा।
स्थाई लोक अदालत ने चिटफण्ड कम्पनी फ्यूचर मेकर लाइफ केयर प्रा.लि. के खाते पर अग्रिम आदेश तक लेनदेन पर रोक लगाने के बैंक को आदेश दिए। कम्पनी के संचालकों को 4 जून को अदालत में उपस्थित होने के आदेश दिए।
गैर सरकार संस्था पब्लिक पावर एण्ड अवेयरनेस सोसायटी की ओर से अधिवक्ता राकेश कुमार त्रिपाठी व सामाजिक कार्यकर्ता गोटूसिंह राजपूत ने अदालत में परिवाद दायर किया था। परिवाद में बताया कि हरियाणा स्थित चिटफण्ड कम्पनी निवेशकों को लोक लुभावने वादे कर साढ़े सात हजार रुपए जमा करवाने पर डेढ़ हजार रुपए प्रति माह से 24 माह तक रिटर्न देने का झांसा देकर भीलवाड़ा जिले से लाखों रुपए एकत्र कर लिए। यह कम्पनियां पहले पैठ जमाने के लिए निवेशकों को राशि अदा करती है और करोड़ों रुपए एकत्र होने के बाद फरार हो जाती है।
बालिका का अपहरण के प्रयास के आरोपित को जेल भेजा
भीलवाड़ा. महात्मा गांधी अस्पताल से दो साल की बालिका का अपहरण का प्रयास करने के मामले में शांतिभंग में गिरफ्तार सुल्तानगढ़ (बनेड़ा) निवासी कालूसिंह को सोमवार को जेल भेज दिया गया। उससे इस मामले में रातभर पूछताछ हुई। हालांकि वह अपहरण की बात को नकारता रहा। उसका कहना था कि टल्ला लगने से बच्ची गिर गई। रोते हुए उसे उठाया था। एमजीएच परिसर में खराब पड़े सीसी कैमरों को सही करवाने के प्रति अस्पताल प्रबंधन के कान पर जूं तक नहीं रेंगी है। गौरतलब है कि महिला महात्मा गांधी अस्पताल में कर्मचारी है। रविवार दोपहर में मेल मेडिकल वार्ड की सफाई कर रही थी व दो साल की पुत्री वार्ड के बाहर खेल रही थी। तभी वहां से गुजरा युवक बच्ची को ले जाने लगा। बच्ची को गोद में उठाते ही वह रोने लगी। रोने की आवाज सुनकर मां और अन्य लोगों की नजर उस पर पड़ी। यह देखकर लोग दौड़े तो युवक बालिका को छोड़कर भागने लगा। लोगों ने उसे पकड़ लिया व जमकर धुनाई कर दी। उसे बाद में अस्पताल चौकी पुलिस को सौंपा। पुलिस ने कालू को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था।