
Rajasthan Education Minister Madan Dilawar: भीलवाड़ा: राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा पर तीखा हमला बोला है। दिलावर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की हालत 'खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे' जैसी हो गई है।
मंत्री दिलावर ने आगे तंज कसते हुए कहा, राजस्थान में शिक्षा और विकास के क्षेत्र में हो रहे सुधार उन्हें चुभ रहे हैं। इसलिए वे व्यक्तिगत हमले कर रहे हैं। बता दें कि मदन दिलावर शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर भीलवाड़ा आए थे। उन्होंने पॉलिटेक्निक कॉलेज में पौधरोपण के बाद संवाददाताओं से बातचीत की।
मदन दिलावर ने पिछली सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने शिक्षा व्यवस्था का बंटाधार कर दिया। अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने के नाम पर सिर्फ जनता को धोखा दिया, हकीकत में हिंदी माध्यम के स्कूलों पर ही अंग्रेजी के बोर्ड लटका दिए गए। पेपर लीक मामले पर कांग्रेस को घेरते हुए दिलावर ने कहा कि इनके राज में जमकर पेपर बेचे गए और धन कमाया गया।
थर्ड ग्रेड शिक्षकों को लेकर शिक्षा मंत्री ने कहा कि तबादला नीति जल्द ही आएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षकों के तबादले पंचायत चुनावों के बाद किए जाएंगे।
आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर दिलावर ने स्पष्ट किया कि ओबीसी आयोग ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है और राज्य सरकार चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है। अब चुनाव आयोग को उचित समय पर नोटिफिकेशन जारी करना है।
ग्राम पंचायत पीपलूंद, पंचायत समिति जहाजपुर में पूज्य स्वामी जगदीश पुरी जी महाराज, माननीय सुरेश जी भाई साहब, (वरिष्ठ प्रचारक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) एवं दामोदर जी अग्रवाल, सांसद, भीलवाड़ा की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित चरागाह दर्शन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में सहभागी होने का शुभ अवसर प्राप्त हुआ।
यह अवसर गौसेवा, प्रकृति संरक्षण और ग्राम विकास के संकल्प को धरातल पर साकार होते देखने का भावपूर्ण अवसर रहा। कार्यक्रम में चरागाह विकास एवं गौ माता आश्रय स्थल का लोकार्पण, ‘नमो फल वाटिका’, विकसित चरागाह का अवलोकन तथा वृक्षारोपण किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए चरागाहों के संरक्षण एवं विकास, गौसेवा तथा वृक्षारोपण के महत्व पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, प्रधान कौशल्या शर्मा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी की सहभागिता ने इस आयोजन को और अधिक आत्मीय एवं प्रेरणादायी बना दिया।