भीलवाड़ा

भीलवाड़ा में पेट्रोल पंप खोलने-बंद करने को लेकर बड़ा अपडेट, इन लोगों पर होगी कार्रवाई

भीलवाड़ा पेट्रोलियम डीलर सोसायटी के आह्वान पर शहर और जिले में सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक पेट्रोल पंप बंद रहे। इस दौरान कई वाहन चालकों को परेशानी भी उठानी पड़ी। कई चालक तो पेट्रोल खत्म होने पर वाहन पंप के सामने ही छोड़ कर चले गए।
2 min read
May 19, 2026
Petrol Pump Opening and Closing Timings in Bhilwara
Bhilwara Petrol Pump Opening and Closing Timings (Patrika Photo)

Bhilwara Petrol Pump: भीलवाड़ा: सोशल मीडिया पर पेट्रोल पंप व्यवसायियों के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों और पंपों की हो रही अनैतिक जांच के विरोध में सोमवार को भीलवाड़ा शहर सहित पूरे जिले में पेट्रोल पंप बंद रहे। भीलवाड़ा पेट्रोलियम डीलर सोसायटी के आह्वान पर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक, यानी कुल तीन घंटे के लिए पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री पूरी तरह ठप रही। इस सांकेतिक बंद के कारण जिले भर में लाखों रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ।

तीन घंटे के इस औचक बंद के कारण आम जनता और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे फाटक के पास स्थित पेट्रोल पंप सहित शहर के तमाम प्रमुख पंपों पर सुबह-सुबह सन्नाटा पसर गया।

बंद की जानकारी न होने के कारण कई लोग अपने वाहनों में पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंचे, लेकिन उन्हें मायूस लौटना पड़ा। परेशानी इस कदर बढ़ गई कि कुछ वाहन चालकों की गाड़ियों का ईंधन बीच रास्ते या पंप के ठीक बाहर ही खत्म हो गया। ऐसे में मजबूरन कई लोग अपने वाहनों को पेट्रोल पंप के बाहर ही छोड़कर चले गए।

220 पेट्रोल पंपों पर नहीं हुआ कामकाज

भीलवाड़ा पेट्रोलियम डीलर सोसायटी के सचिव अशोक मूंदड़ा ने बताया कि विरोध प्रदर्शन पूरी तरह सफल रहा। इस बंद के आह्वान के चलते भीलवाड़ा जिले के सभी 220 पेट्रोल पंपों पर कामकाज पूरी तरह बंद रहा, जिसमें भीलवाड़ा शहर के 33 पेट्रोल पंप भी शामिल हैं।

हालांकि, उन्होंने आम जनता की सुविधा के लिए यह स्पष्ट किया कि यह केवल तीन घंटे का सांकेतिक विरोध था। जिले के सभी पेट्रोल पंप अपने निर्धारित समय यानी रोजाना सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक नियमित रूप से खुले रहेंगे।

जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई का मिला आश्वासन

बंद के दौरान सोसायटी के अध्यक्ष जाकिर हुसैन और सचिव अशोक मूंदड़ा की अगुवाई में पेट्रोल पंप डीलर्स की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद बड़ी संख्या में व्यवसायी जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू से मिलने पहुंचे और उन्हें अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।

व्यवसायियों ने शिकायत की कि सोशल मीडिया पर अज्ञात लोगों द्वारा उनके खिलाफ बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे उनकी सामाजिक छवि खराब हो रही है। साथ ही पंपों की गैर-जरूरी और अनैतिक जांच बंद की जानी चाहिए।
इस पर जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने डीलर्स को आश्वस्त किया कि इंटरनेट पर अनुचित और भ्रामक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इस मामले में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी जारी किए।

Updated on:
19 May 2026 11:48 am
Published on:
19 May 2026 11:48 am