भीलवाड़ा

Rajasthan Accident: गड्ढे से बचने की कोशिश में अनियंत्रित हुई निजी बस, कार से भिड़ंत के बाद पलटी, 37 घायल, मची चीख पुकार

Rajasthan Bus Car Accident: भीलवाड़ा-शाहपुरा मार्ग पर बस और कार की भीषण टक्कर के बाद बस पलट गई। हादसे में करीब 37 लोग घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

2 min read
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस और कार। फोटो- पत्रिका

भीलवाड़ा। तेज रफ्तार और सड़क पर बने गहरे गड्ढे ने मंगलवार को एक बड़े हादसे को जन्म दे दिया। भीलवाड़ा-शाहपुरा मार्ग पर रायपुर चौराहे के पास निजी बस और कार की भीषण भिड़ंत के बाद बस पलट गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में करीब 37 लोग घायल हो गए।

ये भी पढ़ें

RBSE Board Results : 8वीं-10वीं बोर्ड परीक्षा की ‘टॉपर’ बेटियों को सरकार देगी ₹50,000 तक, जानें किसे और कैसे मिलेगी इनामी राशि?  

देवली की ओर जा रही थी बस

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक निजी बस भीलवाड़ा से देवली की ओर जा रही थी। यात्रियों का कहना है कि बस चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। रायपुर चौराहे के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे को बचाने के प्रयास में चालक बस से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बस सामने से आ रही कार से टकरा गई और टक्कर के बाद सड़क किनारे पलट गई।

कार सवार लोग अंदर ही फंसे

हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। उन्हें जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। बस के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।

सूचना मिलते ही शाहपुरा पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। एसडीएम सुनील मीणा, तहसीलदार भीवंराज परिहार और थाना अधिकारी सुरेश कुमार ने राहत कार्य का नेतृत्व किया। घायलों को तुरंत पुलिस वाहनों और एम्बुलेंस की मदद से शाहपुरा जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

हादसे के कारणों की गहन जांच शुरू

हादसे में घायल 37 लोगों में बस और कार सवार शामिल हैं, जिनमें दो कार सवार भी बताए गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर घायलों को भीलवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार शाहपुरा में जारी है।

हादसे के बाद लगा लंबा जाम

हादसे के बाद भीलवाड़ा-शाहपुरा मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और मार्ग को सुचारू कराया। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।

ये भी पढ़ें

RBSE 10th Result: मजदूर की बेटी ने 10वीं में हासिल किए 97.83% अंक; जानिए सफलता की कहानी

Also Read
View All

अगली खबर