25 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

RBSE Board Results : 8वीं-10वीं बोर्ड परीक्षा की ‘टॉपर’ बेटियों को सरकार देगी ₹50,000 तक, जानें किसे और कैसे मिलेगी इनामी राशि?  

कक्षा 8वीं-10वीं के परीक्षा परिणाम सामने आने के साथ ही सरकार की उस इनामी योजना की चर्चा फिर से शुरू हो गई है जिसमें टॉपर बालिकाओं को उनके नतीजों के लिए प्रोत्साहन राशि दिए जाने का प्रावधान है। इस योजना का नाम है राजस्थान पद्माक्षी पुरस्कार योजना।
2 min read
Google source verification

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी RBSE ने मंगलवार को कक्षा 10वीं के साथ-साथ कक्षा-8वीं व कक्षा-5वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम भी जारी कर दिए। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने अजमेर स्थित बोर्ड मुख्यालय से इन तीनों परीक्षा परिणामों को विधिवत रूप से जारी किया। इस परिणाम के सामने आने के साथ ही सरकार की उस इनामी योजना की चर्चा फिर से शुरू हो गई है जिसमें टॉपर बालिकाओं को उनके नतीजों के लिए प्रोत्साहन राशि दिए जाने का प्रावधान है। इस योजना का नाम है राजस्थान पद्माक्षी पुरस्कार योजना

गौरतलब है कि राजस्थान में बेटियों को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की 'पद्माक्षी पुरस्कार योजना' लागू है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर ने इस योजना के तहत पात्र बालिकाओं के ऑनलाइन प्रस्ताव भरवाए जाने के निर्देश जारी किए हुए हैं। इस योजना के तहत कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं की उन बालिकाओं को नकद पुरस्कार दिया जाता है, जिन्होंने अपने जिले या राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस योजना में कक्षा 5वीं की टॉपर बालिकाएं फिलहाल शामिल नहीं हैं।

किसे कितनी मिलेगी राशि?

पद्माक्षी पुरस्कार योजना के तहत अलग-अलग कक्षाओं के लिए इनामी राशि तय की गई है:

  • कक्षा 8वीं: जिले में प्रथम आने वाली बालिका को ₹25,000
  • कक्षा 10वीं: जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर ₹50,000
  • कक्षा 12वीं: कला, विज्ञान, वाणिज्य और कृषि संकायों में अलग-अलग जिला टॉपर्स को ₹75,000 की राशि दी जाएगी।

इन 8 श्रेणियों की बेटियों को मिलेगा लाभ

योजना का दायरा काफी विस्तृत है, जिसमें लगभग सभी वर्गों की मेधावी छात्राओं को शामिल किया गया है:

  1. अनुसूचित जाति (SC)
  2. अनुसूचित जनजाति (ST)
  3. अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC)
  4. अल्पसंख्यक (Minority)
  5. निःशक्त (Specially Abled)
  6. सामान्य वर्ग (General)
  7. विशेष पिछड़ा वर्ग (SBC/MBC)
  8. बी.पी.एल. (BPL)

संस्कृत और मॉडल स्कूलों के लिए विशेष प्रावधान

  • संस्कृत शिक्षा: संस्कृत शिक्षा विभाग की कक्षा 8, प्रवेशिका और वरिष्ठ उपाध्याय की परीक्षाओं में राज्य स्तर पर प्रथम आने वाली बालिकाओं को भी यह पुरस्कार देय है।
  • स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल: कक्षा 12 (विज्ञान वर्ग) में 9 CGPA या उससे अधिक अंक लाने वाली छात्राओं को भी इसमें शामिल किया गया है।
  • CWSN (मूक बधिर): विशेष श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए आयोजित परीक्षाओं में टॉप करने वाली बालिकाओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

आवेदन की प्रक्रिया: 'शाला दर्पण' पोर्टल से होगा काम

पात्र बालिकाओं को पुरस्कार राशि प्राप्त करने के लिए कहीं भटकने की जरूरत नहीं है। इसकी प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी है:

  • ऑनलाइन आवेदन: संबंधित स्कूल के संस्था प्रधान (Principal) को शाला दर्पण (Shala Darpan) के 'Beneficiary Scheme Portal' पर लॉगिन करके बालिका का ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
  • नियमित अध्ययन जरूरी: वर्ष 2025 की परीक्षाओं के आधार पर चयनित वही बालिकाएं पात्र होंगी, जो वर्तमान सत्र 2025-26 में नियमित रूप से अगली कक्षा में अध्ययनरत हैं।
  • DBT के जरिए भुगतान: आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुरस्कार राशि सीधे जन-आधार इंटीग्रेशन के माध्यम से डीबीटी (Direct Benefit Transfer) द्वारा लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाएगी।