भीलवाड़ा

राजस्थान में हृदयविदारक सड़क हादसा: 2 पुलिसकर्मियों समेत 3 की मौत, आरोपी को ले जा रहे थे

भीलवाड़ा के मांडल में NH-48 पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें रेलवे पुलिस के हेड कांस्टेबल लेखराज बागड़ी और रविंद्र जाट की मौके पर मौत हो गई। साथ ले जाए जा रहे आरोपी छोटू भील ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
2 min read
May 15, 2026
Road Accident in Mandal Bhilwara
मृतक हेड कांस्टेबल लेखराज और कांस्टेबल रविंद्र (पत्रिका फोटो)

भीलवाड़ा: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। जयपुर-उदयपुर नेशनल हाइवे-48 पर मांडल चौराहे के ओवरब्रिज पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में बाइक सवार जीआरपी (रेलवे पुलिस) के एक हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद एक आरोपी ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, चित्तौड़गढ़ जीआरपी थाने के भीलवाड़ा चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल लेखराज बागड़ी (55), निवासी किशनगढ़ और कांस्टेबल रविंद्र कुमार जाट (48) एक बाइक चोरी के आरोपी छोटू भील (40) को लेकर मांडल से भीलवाड़ा की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सरकारी गाड़ी उपलब्ध न होने के कारण पुलिसकर्मी आरोपी को बाइक पर ही लेकर रवाना हुए थे।

तड़के करीब 5:00 से 5:30 बजे के बीच, जब उनकी बाइक मांडल चौराहे के ओवरब्रिज पर पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट प्रभु प्रजापत और मेल नर्स दीपक दाधीच मौके पर पहुंचे और तीनों को मांडल उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने हेड कांस्टेबल लेखराज और कांस्टेबल रविंद्र को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, गंभीर रूप से घायल आरोपी छोटू भील को प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन घावों की गंभीरता के कारण इलाज के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई।

हाइवे पर लगा लंबा जाम

हादसे के बाद नेशनल हाइवे-48 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पाकर प्रशिक्षु आईपीएस आयुष कुमार क्षोत्रिय और मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर जाम खुलवाया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों के शवों को मांडल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। एक साथ दो जांबाज पुलिसकर्मियों की मौत की खबर से भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।

Updated on:
15 May 2026 11:34 am
Published on:
15 May 2026 11:32 am