
Bhilwara Rayla Truck Driver Heart Attack: रायला (भीलवाड़ा): अजमेर-भीलवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर हैरान कर देने वाला हादसा सामने आया है। यहां एक चलते ट्रक में ड्राइवर को अचानक दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ा, जिससे स्टीयरिंग थामे-थामे ही उसकी मौत हो गई। गनीमत यह रही कि इस भयानक स्थिति के बावजूद हाइवे पर कोई दूसरा बड़ा हादसा नहीं हुआ और कई अन्य लोगों की जान बाल-बाल बच गई।
रायला थानाधिकारी मूलचंद वर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान 37 वर्षीय रामप्रसाद पुत्र रतन प्रजापत के रूप में हुई है, जो करियाला (तहसील-आसींद) का निवासी था। रामप्रसाद अपना ट्रक लेकर अजमेर से भीलवाड़ा की तरफ आ रहा था। इसी दौरान रायला के पास बीच रास्ते में उसे अचानक सीने में तेज दर्द उठा। दर्द इतना गंभीर था कि उसे संभलने का मौका भी नहीं मिला और स्टीयरिंग पर बैठे-बैठे ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रायला थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को सुरक्षित किनारे करवाया और शव को स्थानीय अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। 37 साल के युवा बेटे की इस तरह अचानक हुई मौत से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
आजकल कम उम्र के लोगों और खासकर लंबी दूरी तय करने वाले ड्राइवरों में हार्ट अटैक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। लगातार कई घंटों तक बिना आराम किए गाड़ी चलाना, नींद पूरी न होना, मानसिक तनाव और खराब खान-पान इसके मुख्य कारण माने जाते हैं। आइए जानते हैं कि हार्ट अटैक के लक्षण क्या हैं और इससे कैसे बचा जा सकता है।