भिवाड़ी

Power Supply System: अब नहीं होगी बिजली की झंझट, भिवाड़ी में नया सिस्टम लागू, 1500 फैक्ट्रियों को मिलेगा सीधा फायदा

Bhiwadi Power Supply News: भिवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को लेकर बड़ा बदलाव किया जा रहा है, जिससे व्यवस्था पहले से ज्यादा सरल और प्रभावी होगी।

2 min read
Apr 16, 2026
Bhiwadi power supply news, Bhiwadi industrial electricity update, Rajasthan electricity reform, power supply system Bhiwadi, 33 kV GSS Bhiwadi, industrial power Rajasthan, electricity fault solution Bhiwadi, power distribution Rajasthan, Bhiwadi factories electricity, uninterrupted power supply industry, Rajasthan DISCOM update, power infrastructure Bhiwadi, electricity management Rajasthan, industrial growth Bhiwadi, power sector Rajasthan news
भिवाड़ी जीएसएस। फोटो- पत्रिका

भिवाड़ी। औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़ा ढांचागत बदलाव किया जा रहा है। अब तक सैकड़ों औद्योगिक उपभोक्ताओं को 220 केवी जीएसएस बिलाहेड़ी और 132 केवी जीएसएस नीलम चौक से सीधे बिजली मिल रही थी, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्रसारण निगम पहले वितरण निगम के जीएसएस को बिजली देगा और फिर वहां से उपभोक्ताओं तक आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

यह वीडियो भी देखें

निर्माण कार्य प्रगति पर

वर्तमान में बिलाहेड़ी में 33 केवी जीएसएस का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि नीलम चौक पर इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू होने वाला है। अभी तक बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की खराबी आने पर उपभोक्ताओं को प्रसारण निगम और वितरण निगम दोनों के चक्कर लगाने पड़ते थे। जिम्मेदारियों के स्पष्ट बंटवारे के अभाव में ट्रिपिंग और फॉल्ट जैसी समस्याओं के समाधान में देरी होती थी।

छह करोड़ रुपए की लागत

जानकारी के अनुसार, 220 केवी बिलाहेड़ी जीएसएस से छह और 132 केवी नीलम चौक जीएसएस से आठ 11 केवी फीडर संचालित हो रहे थे, जिनसे करीब 1500 फैक्ट्रियां जुड़ी हुई हैं। दोनों स्थानों पर लगभग छह करोड़ रुपए की लागत से 33 केवी जीएसएस तैयार किए जा रहे हैं।

इनके चालू होने के बाद बिजली वितरण और रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी वितरण निगम के संचालन एवं रखरखाव (ओएंडएम) के पास होगी। नई व्यवस्था से उपभोक्ताओं को सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि उन्हें समस्याओं के समाधान के लिए केवल एक ही विभाग से संपर्क करना होगा। इससे न केवल शिकायत निवारण तेज होगा, बल्कि समन्वय की कमी से होने वाली परेशानियां भी खत्म होंगी।

बदलाव उद्योगों के लिए रहेगा खास

उद्योगों के लिए यह बदलाव काफी लाभकारी साबित होगा। नए जीएसएस बनने से विद्युत भार का बेहतर प्रबंधन होगा, फीडरों की दूरी कम होगी और ट्रिपिंग व फॉल्ट की घटनाओं में कमी आएगी। इससे उद्योगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और नुकसान कम होगा।

132 केवी नीलम चौक से 11 केवी का लोड हटाकर 33 केवी में शिफ्ट किया जाएगा और इसके लिए 132/33 केवी ट्रांसफार्मर का प्रस्ताव भेजा जाएगा। वहीं, वितरण निगम के एक्सईएन एससी महावर के अनुसार बिलाहेड़ी में निर्माण कार्य जारी है और नीलम चौक पर डिजाइन स्वीकृति के बाद जल्द काम शुरू होगा।

Published on:
16 Apr 2026 04:58 pm