
Pali Textile Factory Fire (Patrika Photo)
Fire Incident Pali Textile Factory: पाली: राजस्थान के औद्योगिक शहर पाली के मंडिया रोड स्थित आगम टेक्सटाइल फैक्ट्री में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में फैक्ट्री के गोदाम में रखा लाखों रुपए का कपड़ा जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, आग मंगलवार रात करीब 9:30 बजे फैक्ट्री के फोल्डिंग हॉल (नंबर 220-221) से शुरू हुई। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए पाली के साथ-साथ सोजत सिटी से भी दमकलें मंगवाई गईं।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, 7 दमकल की गाड़ियों ने कुल 54 फेरे किए। रात भर चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय लोगों और आसपास की फैक्ट्रियों ने भी पानी उपलब्ध कराकर मदद की। कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार अलसुबह करीब 4:00 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
फैक्ट्री के राहुल ने बताया कि गोदाम में करीब 7 से 8 हजार कपड़े के धान रखे हुए थे। विशेषज्ञों के अनुसार, टेक्सटाइल फैक्ट्रियों में आग तेजी से फैलने का मुख्य कारण कपड़ों की प्रकृति है। सिंथेटिक कपड़ा पेट्रोकेमिकल से बना होता है, जो अत्यधिक ज्वलनशील है। आग लगने पर यह कपड़ा राख बनने के बजाय प्लास्टिक की तरह पिघलकर चिपक जाता है, जिससे लपटें बुझाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
अग्निशमन अधिकारी रामलाल गहलोत के नेतृत्व में फायरमैन पारस गहलोत, कमलकिशोर, राहुल, डिम्पल, अशोक, महेंद्र, रमेश, आशीष, सुमेर चौधरी और अमृत आदिवाल सहित पूरी टीम ने पूरी रात मोर्चा संभाले रखा।
फिलहाल, प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी शेष है।
आग की शुरुआत फोल्डिंग हॉल से हुई थी। प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण अज्ञात है, जिसकी जांच की जा रही है।
-रामलाल गहलोत, अग्निशमन अधिकारी
Published on:
15 Apr 2026 11:15 am
