भिवाड़ी

राजस्थान में 4 पुलिसकर्मियों पर SC-ST एक्ट में केस दर्ज, नाबालिग की हिरासत में बेरहमी से पिटाई के बाद हालत गंभीर

राजस्थान के भिवाड़ी में नाबालिग से थर्ड डिग्री यातना का मामला सामने आया है। हिरासत में पिटाई के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह वेंटिलेटर पर है। चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज हुआ।

2 min read
Apr 28, 2026
Rajasthan Bhiwadi Case Filed Under SC/ST Act Against 4 Policemen Minor Critical After Assault
4 पुलिसकर्मियों पर SC-ST एक्ट में केस दर्ज (पत्रिका फाइल फोटो)

भिवाड़ी: यूआईटी थाने में नाबालिग के कथित अवैध हिरासत, मारपीट और थर्ड डिग्री यातना के मामले में सोमवार को चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। रविवार को विभिन्न संगठनों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की।

मामला थाना फेज तृतीय के प्रभारी दारा सिंह मीणा, सिपाही गोपाल, गोविंद और पवन यादव के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता सतवीर मेघवाल ने बताया कि 20 अप्रैल को नाबालिग को पुलिस ने जबरन उठाया और बुरी तरह पीटा। उसके परिजनों से फोन पर बताया कि पुलिसवाले उसे मार रहे हैं। 22 अप्रैल को परिजनों ने थाने जाकर उससे मिलने की कोशिश की, लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया गया।

बाद में थाना प्रभारी ने बताया कि नाबालिग को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी हालत खराब होने के कारण उसे जयपुर भेजा गया। वहीं, पीड़ित के परिजनों ने बताया कि नाबालिग अभी भी वेंटिलेटर पर है।

पीड़ित परिवार से मिले नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली बोले- इलाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

भिवाड़ी पुलिस की ओर से मारपीट में घायल हुए नाबालिग का हाल जानने के लिए सोमवार को राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल निम्स मेडिकल कॉलेज पहुंचा। यहां उन्होंने डॉक्टरों से पीड़ित के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली और उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान टीकाराम जूली ने अस्पताल के डीन डॉ. पंकज सिंह से मुलाकात कर मरीज को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रतिनिधिमंडल में खैरथल तिजारा कांग्रेस जिला अध्यक्ष बलराम यादव, तिजारा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी इमरान खान, विधायक रफीक खान सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

साथ ही युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष पवन खटाना, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष विनोद कुमारी, एमपीएस अशोक मेघवाल, सरपंच रोकी सत्यदीप मेघवाल सहित अन्य कार्यकर्ता भी साथ रहे। नेताओं ने पीड़ित के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

साथ ही भिवाड़ी पुलिस की इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने नाबालिग के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

Published on:
28 Apr 2026 11:36 am