भोपाल

बीजेपी के दिग्गजों ने बता दी हकीकत, दतिया के भितरघातियों पर अब दिल्ली से होगा एक्शन

Datia By Election Saboteurs- दतिया हार के जिम्मेदार सभी बड़े नेताओं पर गिरेगी गाज, बीजेपी में ताबड़तोड़ कार्रवाई
2 min read
Aug 05, 2026
दतिया उपचुनाव के भितरघातियों को बख्शेगी नहीं बीजेपी
दतिया उपचुनाव के भितरघातियों को बख्शेगी नहीं बीजेपी- Demo Pic

MP BJP- दतिया उपुचनाव में शिकस्त खाने के बाद भाजपा ने हार पर चिंतन और मंथन शुरू कर दिया है। पार्टी ने दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया। प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे और वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा को हार के कारण खोजने की जिम्मेदारी सौंपी। समिति के समक्ष बीजेपी के सभी दिग्गज नेताओं और मंत्रियों ने दतिया में हार की सच्चाई बताई। कमेटी की रिपोर्ट पर पार्टी ने कड़ा कदम उठाते हुए दतिया जिले की बीजेपी की पूरी टीम हटा दी है। रिपोर्ट को दिल्ली नेतृत्व को भेज दिया गया है। इसके आधार पर भितरघातियों पर और कड़ी कार्रवाई की बात कही जा रही है।

जिलाध्यक्ष सहित दतिया के सभी बड़े नेताओं को हटा दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जिला कार्यकारिणी, सभी मोर्चा, मंडल, प्रकोष्ठ आदि भंग कर दिए। जिले के 900 से ज्यादा पार्टी पदाधिकारियों से उनके दायित्व छीन लिए गए हैं।

मुख्यमंत्री निवास में सत्ता और संगठन की संयुक्त समीक्षा बैठक हुई। इसमें सीएम, प्रदेश अध्यक्ष सहित दतिया चुनाव से जुड़े सभी अहम किरदार मौजूद रहे। इस दौरान सभी नेताओं ने बारी-बारी से हार के कारणों को बताया। पार्टी के प्रत्याशी रहे आशुतोष तिवारी से भी पूरे चुनाव को लेकर फीडबैक लिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने यह बैठक बुलाई थी। सीएम हाउस में आयोजित बैठक में सीएम डॉ मोहन यादव, दतिया चुनाव प्रभारी भारत सिंह कुशवाहा, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, राकेश शुक्ला सहित 20 से ज्यादा नेता मौजूद रहे।

बैठक में खासतौर पर इस बात पर विचार विमर्श किया गया कि आखिरकार पार्टी से गल्ती कहां हुई! क्या कांग्रेस दतिया में इतनी मजबूत स्थिति में थी! यदि ऐसा था तो इसकी भनक पार्टी नेताओं को क्यों नहीं लगी। 15 राउंड की काउटिंग में पहले, पांचवें और चौदवें यानि सिर्फ तीन राउंड में ही भाजपा को बढ़त मिली, इसकी क्या वजह रही!

संगठन के रडार पर सभी प्रमुख नेता

दतिया चुनाव में भितरघात करने वालों की बाकायदा एक रिपोर्ट तैयार की गई है। इसमें ज्यादातर नरोत्तम मिश्रा के समर्थक शामिल है। रिपोर्ट को प्रदेश संगठन द्वारा दिल्ली भेजा गया है। जहां से स्वीकृति लेने के बाद संगठन द्वारा कार्रवाई की जाएगी। संगठन के रडार में दतिया के सभी प्रमुख नेता हैं जिन्होंने नरोत्तम मिश्रा की टिकट कटने के बाद खुलकर विरोध किया था।

दिग्गजों ने बताई हकीकत

गौरव रणदिवे और अंबाराम कराड़ा की समिति के सामने बीजेपी के दिग्गज नेताओं, मंत्रियों ने दतिया में हार की हकीकत बताई। मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने बताया कि दतिया नगर मंडल के उद्घाटन में पार्टी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के पहुंचते ही नरोत्तम मिश्रा अपने समर्थकों को लेकर निकल गए। मंत्री तुलसी सिलावट ने ​कहा कि उपचुनाव में किसने क्या किया, यह बात सब जानते हैं।

लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष सत्येंद्र भूषण ने कहा कि पार्टी को कुशवाह वोट नहीं मिले। सांसद भारत सिंह कुशवाह ने इसका प्रतिकार किया। आपूर्ति निगम के अध्यक्ष विनोद गोटिया ने भी पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की भूमिका पर सवाल उठाए।

Updated on:
05 Aug 2026 01:31 pm
Published on:
05 Aug 2026 01:31 pm